उरई। जनपद जालौन के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में गुमशुदगी के एक गंभीर मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 मार्च 2026 को कोतवाली माधौगढ़ में मु0अ0सं0 29/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। यह मामला रूद्रपुरा गांव निवासी कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के, पुत्र परमाल सिंह की गुमशुदगी से संबंधित था।
आरोप है कि मामले में पुलिस द्वारा समय रहते कोई ठोस और प्रभावी प्रयास नहीं किए गए। इसके चलते 8 अप्रैल 2026 को गुमशुदा युवक का शव अभियुक्त रोहित याज्ञिक के बाड़े में मिट्टी के नीचे दबा हुआ बरामद हुआ, जिससे पूरे प्रकरण ने गंभीर रूप ले लिया।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली माधौगढ़ में तैनात प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू, उपनिरीक्षक रामऔतार तथा मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।





Leave a comment