सौर ऊर्जा प्लांट के लिये किया जा रहा अत्याचार
प्रभावित हो रहे समस्त किसान छोटी जोत वाले
उरई। जनपद जालौन की तहसील कालपी अन्तर्गत ग्राम कुहना के निवासी छोटी जोत के तमाम किसानों में हाहाकार की स्थिति है। वहां लगाया जाने वाला सौर ऊर्जा प्लांट उनका भरण पोषण करने वाली जमीनों को हड़प रहा है। इस सिलसिले में उत्पीडि़त किसान अनेक बार जिलाधिकारी से गुहार कर चुके हैं। किसानों ने प्रार्थना पत्र के जरिये साफ साफ कहा है कि वह अपनी जमीन जो उनके पूरे परिवार का पोषण करती है को किसी भी कीमत पर नहीं दे सकते। यदि जोर जबर्दस्ती से उनकी जमीन छीनी गई तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे। यदि उससे भी काम न बना तो सपरिवार जान दे देंगे।
कुहना के किसानों गंगा प्रसाद, झल्लू आदि ने पूर्व में जिलाधिकारी को दिये गये उक्त आशय के प्रार्थना पत्रों को प्रेस को सुलभ कराया। इनमें से दिनांक 30 मई के पत्र जिस पर जिलाधिकारी द्वारा एसडीएम कालपी को मामले की जांच करने तथा उचित कार्रवाई करने के निर्देश अंकित किये हैं भी सामने रखा तथा बताया कि सौर ऊर्जा प्लांट वाले अपने साथ लेखपाल तथा थाना आटा पुलिस ले जाकर हमारी भूमि आराजी नं. 329 की नपाई कर रहे हैं जबकि उनको हम किसानों ने रोका किन्तु पुलिस बल ने सरकारी काम में बाधा डालने में गिरफ्तारी की धमकी दे डाली। नतीजतन हम किसान सहम गये। यह तो साफ-साफ हारी जमीनों की लूट और हमारे साथ नाइंसाफी है। जब हमें अपनी जमीन बेचना ही नहीं है तब यह जोर जबर्दस्ती कैसी।
किसानों ने महामहिम राज्यपाल महोदय से अपेक्षा की है कि वह शासन प्रशासन स्तर से किसानों की जमीन के साथ मचाई जा रही इस सरकारी लूट को रोकने हेतु कदम उठाने की कृपा करें।







Leave a comment