
दी 11-11 हजार रुपये की चेक
रामपुरा-उरई। बालू से भरे ओवरलोड ट्रक से कुचली स्कूली बालिकाओं के शोक संतप्त परिजनों को ढाढस बंधाने के लिये डीएम, एसपी आज यहां पहुंचे। डीएम ने इस अवसर पर उन्हें 11-11 हजार रुपये की अहेतुक सहायता की चेक दी।
कस्बे में कल सुबह स्कूल जा रही दो बालिकाओं करिश्मा और शिल्पी को एक ओवरलोड ट्रक ने रौंद डाला था। जिसकी वजह से उनके अभिभावकों और पूरे कस्बे में शोक की लहर व्याप्त हो गयी थी। आक्रोशित लोगों ने जाम भी लगाया था जिसकी सूचना मिलने पर जिलाधिकारी रामगणेश ने तत्काल एसडीएम माधौगढ़ को मौके पर भेजा। एसडीएम ने बालिकाओं के परिजनों को समुचित आर्थिक सहायता और ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ कठोर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया था।
इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी आज पुलिस अधीक्षक एन कोलांची को अपने साथ लेकर कस्बे में आये। उन्होंने करिश्मा के पिता दौलतराम और शिल्पी के पिता छोटू पाल को सांत्वना देते हुए कहा कि शासन प्रशासन दुख की इस घड़ी में उनके साथ है। उन्होंने दोनों को अहेतुक सहायता कोष से 11-11 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता की चेक दिये। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि बालिकाओं का जीवन अमूल्य था। जिसकी भरपाई किसी भी भौतिक सहायता से नहीं हो सकती। फिर भी उन्हें अधिकतम सहायता दिलाने के लिये वे प्रयत्नशील हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता के लिये शासन को उनकी ओर से पत्र लिख दिया गया है।






Leave a comment