0 हर हफ्ते एक फुट नीचे जा रहा पानी
0 कई मोहल्लों में सार्वजनिक हैंडपंप तक ठप्प होने के कगार पर
0 सबसे ज्यादा हाहाकार चुर्खी रोड बाईपास की बस्ती में
11orai01उरई। सूखे के कारण सर्दी के मौसम मे ही पेयजल संकट दस्तक देने लगा है। हर हफ्ते भूमिगत् जल स्तर एक फुट तक नीचे खिसकने से कई मोहल्लों में घरेलू हैण्डपंपों से पानी मिलना बिल्कुल बंद हो गया है। चुर्खी रोड बाइपास की बस्ती इसका उदाहरण है। जहां पानी की उपलब्धता वैसे भी काफी गहराई में है। इस मोहल्ले में सार्वजनिक हैंडपंप जल संस्थान की मिली भगत से निजी स्थान पर लगा दिये गये हैं। जहां दूसरे लोगों को पानी भरने की इजाजत नही है। इसलिए पानी का हाहाकार यहां और ज्यादा बढ़ गया है।
केस स्टडी-1
भइयालाल ने बताया कि सार्वजनिक हैंडपंपों में भी पहले जैसा दम नही रह गया। दो-तीन बाल्टी पानी निकालने के बाद कम से कम आधा घंटे इंतजार करना पड़ता है तभी हैंडपंप फिर चल पाता है। पानी भरने में उनका आधा दिन बीत जाता है जिससे काम धंधा ठप्प है।
केस स्टडी-2
मनीष गुलशन ने बताया कि घर का हैंडपंप बंद हो गया है और सार्वजनिक हैंडपंप घर से दूर है। वे सबेरे से तमाम बर्तन इकट्ठा करके पानी का स्टोर करते हैं और ढोकर घर तक लाते हैं। इसमें समय भी बर्बाद होता है और ऊर्जा भी। अभी यह आलम है तो गर्मियों में क्या होगा यह सोचकर उनका पूरा घर परेशान है।
केस स्टडी-3
धरम सिंह ने बताया कि घर के नजदीक के सार्वजनिक हैंडपंप पर दबंग का कब्जा है जिससे उन्हें पानी की भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। नलकूप काफी समय पहले स्थापित हो चुका है लेकिन पाइप लाइन बिछाने में लापरवाही बरती जाने से उसकी कोई सार्थकता नही रही। कहावत है बिन पानी सब सून लेकिन प्रशासन को इससे कोई लेना-देना नही है। इसलिए जल संकट के निवारण के लिए अधिकारियों के स्तर पर कोई हलचल नजर नही आ रही।

-भूमिगत् जल स्तर गिरने की जानकारी प्रशासन को है और इस पर निगाह रखी जा रही है। जल संस्थान व जल निगम को एलर्ट कर दिया गया है। गर्मी में स्थिति से निपटने के लिए सभी पेयजल योजनायें समय पर पूरी करने के निर्देश दिये जा चुके हैं। इस मामले में किसी की लापरवाही बर्दास्त नही की जायेगी।…..रामगणेश, जिलाधिकारी

Leave a comment