नवीन मंडी में गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ, MSP पर खरीद से किसानों को राहत

उरई (जालौन)।

मिनौरा सहकारी संघ लिमिटेड, उरई द्वारा कालपी रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में राजकीय गेहूं क्रय केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने पूजा-अर्चना के साथ इलेक्ट्रॉनिक कांटे का शुभारंभ कर केंद्र का संचालन शुरू कराया।

केंद्र के शुरू होने से वर्ष 2026-27 के रबी विपणन सत्र में किसानों को अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेचने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रथम किसान प्रकाश सिंह का माल्यार्पण कर मिष्ठान खिलाते हुए गेहूं खरीद प्रक्रिया का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया गया।

संघ के अध्यक्ष श्याम करण प्रजापति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. जादौन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 49 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे किसानों को नजदीक ही अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल रही है। इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹160 अधिक है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में क्रय केंद्रों का लाभ उठाकर अपनी उपज सरकारी दर पर बेचें और आर्थिक रूप से लाभान्वित हों।

कार्यक्रम में रविंद्र सिंह परमार, राजेश प्रजापति, दयाराम प्रजापति, ओमकार सिंह, सचिव अमित चतुर्वेदी, केंद्र प्रभारी गौरव द्विवेदी सहित कई किसान व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment

Recent posts