हादसे के बाद काफी देर तक खड़ी रही मेमो पैसेंजर ट्रेन, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कालपी (जालौन)। जोल्हूपुर रेलवे ट्रैक पर शनिवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के चलते मेमो पैसेंजर ट्रेन काफी देर तक मौके पर खड़ी रही। युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे विभाग में भी हलचल मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर एक युवक जोल्हूपुर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर एकत्र हो गए। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के निर्देश पर ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। हादसे के कारण मेमो पैसेंजर ट्रेन भी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





Leave a Reply