उरई। पुलिस लाइन सभागार में वामा सारथी की अध्यक्षा मंजू रावत की अध्यक्षता में प्रथम ‘वामा खेलोत्सव-2026’ का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चार बच्चों को पुलिस मुख्यालय से प्राप्त प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंजू रावत ने विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता की 40 मीटर दौड़ में रौनित और सौम्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 50 मीटर दौड़ में आर्यान और अंशिका प्रथम पुरस्कार के विजेता रहे।
समारोह में पुलिस परिवार के सदस्य तथा अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। बच्चों की उपलब्धियों पर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।





Leave a Reply