एसडीआरएफ के गोताखोरों ने संभाला मोर्चा, नावों से भी चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
विधायक विनोद चतुर्वेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी मौके पर पहुंचे
कालपी (जालौन)। नेशनल हाईवे स्थित कालपी के नए यमुना पुल पर शनिवार सुबह एक बुलेट बाइक और चप्पल लावारिस हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। बाइक और चप्पल की पहचान 30 वर्षीय अख्तर खां निवासी मोहल्ला हैदरीपुरा से जुड़ने के बाद उनके यमुना नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार अख्तर खां घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसी बीच नए यमुना पुल पर उनकी बुलेट बाइक और चप्पल लावारिस हालत में मिलीं। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। अख्तर के पिता असलम ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की तलाश और बरामदगी की गुहार लगाई।
सूचना पर कालपी कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। युवक के नदी में छलांग लगाने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम के गोताखोरों ने यमुना में उतरकर तलाश शुरू कर दी। नदी के विस्तृत क्षेत्र में नावों की मदद से भी छानबीन की जा रही है। कोतवाली प्रभारी की मौजूदगी में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक विनोद चतुर्वेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी ली।
फिलहाल अख्तर खां का कोई पता नहीं चल सका है। परिजन उनकी सलामती की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें यमुना नदी में लगातार तलाश कर रही हैं।





Leave a Reply