माधौगढ़-नगर के अम्बेडकर पार्क में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के साथ हर्षोल्लास से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभासद अरविंद सिंह सेंगर ने बच्चों के साथ बाल दिवस मनाया। इस दौरान बच्चों को उपहार, कॉपी और पेन वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण मुरारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस है। उन्हें बच्चों से विशेष स्नेह था। इसी कारण उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पत्रकार प्रिंस द्विवेदी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए घोषणा की कि वार्ड नंबर दो में जो छात्र-छात्राएं अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे, उन्हें 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि उपहार स्वरूप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
एसआई दिनेश तोमर ने कहा कि शिक्षा जीवन में बहुत जरूरी है। शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति को नई दिशा मिलती है और वह अपने भविष्य को बेहतर बना सकता है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मां वैष्णो ट्रैक्टर्स की ओर से आशीष भदौरिया द्वारा बच्चों को उपहार वितरित किए गए। वहीं रामकृष्ण भारती ने बच्चों को कॉपी और पेन देकर पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान सभासद अरविंद सिंह सेंगर ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वार्ड नंबर दो में जो बच्चा प्रथम स्थान प्राप्त करेगा, उसके वार्ड में बनने वाली सड़क का उद्घाटन उसी मेधावी बच्चे के हाथों से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को सम्मान और प्रोत्साहन देने से उनमें आगे बढ़ने का जज्बा पैदा होता है। हमारा प्रयास है कि वार्ड के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में अजीत बजाज, धीरज द्विवेदी, विक्रांत प्रताप सिंह, अमन तोमर, दीपक मौर्य, मनोज शिवहरे, पवन सिंह राठौर सहित अध्यापक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





Leave a Reply