जालौन कोतवाली क्षेत्र के कुसमरा गांव की घटना, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य

जालौन। कोतवाली जालौन क्षेत्र के ग्राम कुसमरा में शनिवार को एक युवक की सिर पर फावड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। खेत से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान राजेश कुमार सलोनिया (44 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नारायण दास निवासी ग्राम कुसमरा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश खेत से अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कथित रूप से चार से पांच हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और फावड़े सहित धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर क्षेत्राधिकारी जालौन और प्रभारी निरीक्षक जालौन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस के अनुसार परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है।

हत्या के पीछे का कारण और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply