माधौगढ़- दीपावली के पावन अवसर पर माधौगढ़ में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के माध्यम से अलौकिक दीपावली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजयोगिनी मीना दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल बाहरी दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता की ज्योति जगाने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि आत्मा रूपी दीपक सदैव अखंड और अटल जलता रहना चाहिए। इस दीपावली पर निर्बलता, कमजोरियों, कमियों और अवगुणों रूपी पुराने खाते को समाप्त कर दैवीय गुणों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। श्रीलक्ष्मी का आह्वान तभी सार्थक होगा, जब हम अपने भीतर के अवगुणों की आहुति देकर सरलता और पवित्रता को जीवन में धारण करेंगे। उन्होंने कहा कि नवीनता को अपनाना ही दीपावली का वास्तविक संदेश है। ज्ञान के अमृत और योग की बाती से जीवन में प्रसन्नता का दीप प्रज्वलित करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी दीप प्रज्वलित कर अपनी बुराइयों और कमियों को त्यागने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भ्राता प्रिन्स द्विवेदी,राजू भाई, जगदीश भाई,गोपाल भाई, मुखिया भाई, राजेश, रिया, सृष्टि, लाली, प्रियंका, राधिका, सुशीला, रमा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





Leave a Reply