0 जर्जर लाइनों से दिन भर होती रहती स्पार्किंग
13orai01उरई। शहर की बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के साथ ही बाशिंदों को समस्याओं से भी जूझना पड़ रहा है। कहीं पर जलभराव की समस्या है तो कहीं पर जर्जर बिजली की लाइनें लोगों की परेशानी का सबब बनी हुई हैं। मोहल्ला गांधी नगर में भी जलभराव के अलावा झूलती जर्जर लाइनें लोगों के लिए मुसीबत बन गयी हैं। बारिश के दिनों में लोगों को भारी दिक्कत होती है। गर्मियों में पानी के संकट का सामना लोग करते हैं। कम हैंडपंप होने से दिक्कत होती है। लोगों को पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। काफी पुराने हो चुके बिजली के तारों से दुर्घटना की आशंका लोगों को बनी रहती है।
शहर में नवविकसित मोहल्लों में समस्याओं से लोग तो जूझ रहे हैं पुरानी बस्तियों में अभी तक समस्याएं लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही हैं। अधिकांश मोहल्लों में जर्जर बिजली की लाइनें मुसीबत बनी हुई हैं। तमाम बार शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग ने जर्जर बिजली की लाइनें बदलने की जरूरत नहीं समझी। मोहल्ला गांधी नगर में लोगों के घरों के ऊपर से जर्जर बिजली की लाइनें निकली हुई हैं। बारिश के दिनों में मकानों में करंट उतरने का खतरा बना रहता है। अक्सर बिजली के तार टूटने से बिजली व्यवस्था बाधित हो जाती है। साथ ही दुघर्टना का खतरा भी लोगों को सताता रहता है। पता नहीं कब कौन सी लाइन टूट जाये। इसके साथ ही मोहल्ले के एक बड़े हिस्से में जलभराव की समस्या रहती है। नाले का लेबल ऊंचा होने के कारण बरसाती पानी निकल ही नहीं पाता है। बारिश के दिनों में लोग घुटनों तक पानी से होकर आते जाते हैं। काफी दिनों बाद ही पानी धीरे-धीरे निकलता है। इस समस्या का निराकरण कराने के लिए बाशिंदों ने कई बार अधिकारियों की चैखट पर गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। गर्मियों में लोग पानी के लिए परेशान होते हैं। मोहल्ले में पर्याप्त हैंडपंप ही नहीं लगवाये गये जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बिजली नहीं रहती तो पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहते हैं। कभी-कभी तो हालत यह हो जाती है कि रात में पानी के लिए जागना भी पड़ जाता है।

क्या कहती हैं सभासद
मोहल्ले में बिजली के जर्जर तारों की समस्या है। इसको लेकर कई बार बिजली विभाग को प्रार्थना पत्र दिया गया लेकिन कोई ध्यान नही दिया गया। जलभराव की समस्या भी विकट है जिसके निराकरण के लिए प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्दी ही समस्या का निस्तारण हो जायेगा। जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बिजली के जर्जर तार बदले जाने की मांग की जायेगी। – रेखा वर्मा सभासद

Leave a comment