27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce1उरई। राठ रोड पर मंडी गेट के सामने हुए संघर्ष में कई राउंड फायरिंग हुई। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इकतरफा कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में वकीलों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने इस गिरफ्तारी का जमकर विरोध किया।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय ख्याति के साहित्यकार पत्रकार यज्ञदत्त त्रिपाठी के पौत्र अभिषेक त्रिपाठी से रात में कुछ लोगों का अपने मकान के सामने विवाद हो गया था। वे लोग डकोर के दबंग सोनू यादव के कर्मचारी थे। इसी बात को लेकर सोनू और उनके साथी जेपी आज यज्ञदत्त त्रिपाठी के आवास पर पहुंच गये। इसके कारण दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और कुछ देर बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई राउंड फायर होने से आसपास के पूरे इलाके में दहशत व्याप्त हो गई।
बाद में सोनू यादव ने अभिषेक के पिता नवनीत त्रिपाठी पर फायर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दे दी। कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नवनीत को हिरासत में ले लिया। खबर पाकर सीनियर अधिवक्ता के परिवार का मामला होने की वजह से कई जाने-माने वकील कोतवाली पहुंच गये। उन्होंने पुलिस पर राजनैतिक दबाव में इकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। अधिवक्ताओं का कहना था कि गोली सोनू यादव के पक्ष की ओर से चलाई गई थी। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तेजप्रताप सिंह यादव सोनू की पैरवी में जुटे थे। पुलिस इस हाईप्रोफाइल खींचतान की वजह से धर्म संकट में घिर गई। बाद में पुलिस ने नवनीत त्रिपाठी की ओर से भी तहरीर लेकर कहा कि मामले की गहन छानबीन कर जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment