कालपी-उरई। गल्ला मंडी में अनाज बेचकर अपने घर लौट रहे ट्रैक्टर चालक को नीली बत्ती लगी बोलेरो सवार बदमाशों ने मारपीट कर लूट लिया। बदमाश पुलिस की खाकी ड्रेस पहने हुए थे। पीड़ित किसान ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
कदौरा ब्लाक के ग्राम हांसा गांव के रामराजा द्विवेदी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह अपने गांव से ट्रैक्टर यूपी 92 एल 0916 से मंडी में मटर बेचने आये थे। वापसी में उन्होंने अपने ड्राइवर रामस्वरूप प्रजापति और गांव के ही एक अन्य परिचित सुरेश अहिरवार को ट्रैक्टर से वापस भिजवाया जबकि वे किसी कारण से कालपी में ही रुक गये। रात 11 बजे के आसपास लमसर गांव के समीप पीछे आ रही नीली बत्ती लगी बुलेरों ने ट्रैक्टर को ओवर टेक कर रोक लिया। उस पर लगभग आधा दर्जन लोग सवार थे जो पुलिस की ड्रेस में थे। उनमें से दो लोग नीचे उतरे और ड्राइवर पर झपट पड़े। साइड न देने का बहाना करते हुए उन्होंने ट्रैक्टर से खींचकर उसे मारना शुरू कर दिया। मटर की बिक्री की रकम भी उन्होंने ड्राइवर को ही दे दी थी। बदमाशों ने 20 हजार पांच सौ रुपए की यह रकम ड्राइवर से इसी आपाधापी में लूट ली और चंपत हो गये। घटना स्थल के समीप बने पूनम ढाबा पर बैठे लोगों ने घटना की पुष्टि की लेकिन यह अंदाज नही हो पा रहा कि नीली बत्ती लगी बुलेरो किसकी थी। दबी जुबान से लोग बता रहे हैं कि इस रोड पर अवैध खनन कर निकलने वाले मौरम ट्रकों से सिंडीकेट के लोगों द्वारा वसूली कराई जाती है। और यही लोग नीली बत्ती लगी गाड़िया इस्तेमाल करते हैं। दूसरी ओर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह का कहना है कि घटना संदिग्ध है। साइड मांगने को लेकर मारपीट भर हुई थी जिसे लूट में लिखाया जा रहा है। फिर भी उनके द्वारा निष्पक्षता से जांच की जा रही है।





Leave a comment