उप कृषि निदेशक ने जारी किए निर्देश, टोल फ्री नंबर 14447 पर करें शिकायत दर्ज

उरई (जालौन)।
जनपद में हाल ही में हुई अतिवृष्टि एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के बीच उप कृषि निदेशक सुशील कुमार उत्तम ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन किसानों की फसलें बीमित हैं, वे अपनी फसल क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं, ताकि उन्हें समय पर मुआवजा मिल सके।

उन्होंने बताया कि सूचना दर्ज करते समय किसान अपना आधार नंबर या बीमा पॉलिसी नंबर अवश्य तैयार रखें, जिससे क्षति का सही विवरण दर्ज हो सके और दावा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। सूचना मिलने के बाद संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर सर्वे करेंगी और वास्तविक नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी।

उप कृषि निदेशक ने जानकारी दी कि जनपद के सभी विकासखंडों में बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तैनात हैं, जिनसे किसान सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। जिला स्तर पर पवन सिंह (जिला प्रबंधक) के साथ विभिन्न ब्लॉकों में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं, जो किसानों को दावा प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगे।

इसके अतिरिक्त, राजस्व एवं कृषि विभाग तथा बीमा कंपनी की संयुक्त टीमें गांव-गांव जाकर फसल क्षति का सर्वे कर रही हैं, ताकि कोई भी प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और समय रहते अपनी सूचना दर्ज कर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a comment

Recent posts