माधौगढ़। आयुष आपके द्वार अभियान के अंतर्गत सोमवार, 16 नवंबर को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय रुद्रपुरा की ओर से ग्राम लक्ष्मणपुरा में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य प्रिन्स द्विवेदी ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया।

निदेशक आयुर्वेदिक सेवाएं लखनऊ, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी जालौन श्री राजेश कुमार पांडेय के निर्देशन तथा जिला क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वरुण कुमार गुप्त के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बंगरा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कुल 308 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को उनकी आवश्यकतानुसार पांच से सात दिनों की निःशुल्क औषधियां फार्मासिस्ट चंद्रशेखर सोनी द्वारा वितरित की गईं। साथ ही बदलते मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

शिविर में योग प्रशिक्षक इंद्रवीर सिंह, भारत स्वाभिमान तहसील प्रभारी माधौगढ़ राजेंद्र राठौर, अरविंद सिंह चौहान (हैदलपुरा), डल्ले खान, राकेश कुमार सहित स्थानीय लोगों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं योग के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply