गीता चिश्ती और जुबेर नईम अजमेरी की प्रस्तुतियों पर देर रात तक झूमे श्रोता, वक्ताओं ने दिया आपसी भाईचारे का संदेश
कोटरा (जालौन)। कस्बे के बस स्टैंड स्थित हजरत सैयद बली पनाह बेग बाबा साहब की दरगाह पर 44वां दो दिवसीय उर्स श्रद्धा, अकीदत और आपसी सौहार्द के साथ आयोजित किया गया। उर्स में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पहुंचकर दरगाह पर माथा टेका और अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी कमलेश चतुर्वेदी, आईटीआई उरई के वाइस प्रिंसिपल तथा हाजी नवाब कादरी ने फीता काटकर किया। इस दौरान वक्ताओं ने हजरत सैयद बली पनाह बेग बाबा साहब को हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सद्भाव का प्रतीक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं।
उर्स के दौरान आयोजित कव्वाली मुकाबले में दिल्ली से आईं मशहूर कव्वाल गीता चिश्ती और जुबेर नईम अजमेरी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुकाबले की शुरुआत जुबेर नईम अजमेरी ने नबी की शान में कलाम पेश करके की। इसके बाद गीता चिश्ती ने अपनी सुरीली आवाज में नबी की शान में कव्वाली प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। दोनों कव्वालों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। देर रात तक दरगाह परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही।
इस मौके पर समाजसेवी कमलेश चतुर्वेदी ने कहा कि हम सभी एक हैं और एक-दूसरे के सहयोग के लिए हमेशा आगे आना चाहिए। उन्होंने आपसी प्रेम और भाईचारे को बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गुड्डू खान, याफरून खान, मोहम्मद हसीन सिद्दीकी, अज्जू बेग मिर्जा, शहजाद कुरैशी और समाजसेवी वीरेंद्र चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन याफरून खान ने किया। अंत में कमेटी अध्यक्ष पंडित भूपेंद्र खेबारिया ने अतिथियों, कव्वालों और समारोह में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।






Leave a Reply