बुंदेलखंड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद के आयोजन में बुंदेली लोकगीतों के साथ परोसे गए पारंपरिक व्यंजन, पत्रिका ‘बुंदेली मधुकर’ का हुआ विमोचन
लखनऊ। बुंदेलखंड सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहयोग परिषद की ओर से राजाजीपुरम स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज में दशहरा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। बुंदेली गीत-संगीत, पारंपरिक खानपान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस समारोह में बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में बुंदेली समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह में बुंदेली लोकगीतों और संगीत की रसधार बही। अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए बुंदेली व्यंजनों के साथ पारंपरिक बुंदेली पान की भी व्यवस्था की गई थी। सुव्यवस्थित आयोजन और आत्मीय वातावरण ने समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र अग्निहोत्री द्वारा संपादित बुंदेली मासिक पत्रिका ‘बुंदेली मधुकर’ का विमोचन किया गया। साथ ही परिषद से जुड़े नए सदस्यों का सम्मान कर उनका स्वागत किया गया।
परिषद के अध्यक्ष महेन्द्र कुमार तिवारी ने आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बुंदेलखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, भाषा, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं।






Leave a Reply