27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce1कुठौंद-उरई। थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरी गहरवार में पार्टीबंदी के चलते हवाई फायरिंग की घटना प्रकाश में आई है। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन फायरिंग के चलते गांव में दहशत फैल गयी। इस मामले को लेकर दो लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होली के दिन इस गांव में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया था। दोनों पक्षों के बीच मुकदमा दर्ज किया गया था, तभी से गांव में दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त पार्टीबंदी शुरू हो गई। बुधवार रात को एक पक्ष के लोगों ने शराब के नशे में धुत होकर फायरिंग कर दी। जिससे वहां पर दहशत फैल गई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु तब तक आरोपी वहां से इधर उधर हो चुके थे। सुबह मामले को लेकर गांव के श्याम सुंदर ने थाने में जाकर पर्वत सिंह व रमाकांत के विरुद्ध तहरीर देकर आरोप लगाया कि शराब के नशा में दोनों ने अपने साथियों के साथ उसके घर के सामने आकर गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अवैध असलहों से फायरिंग कर डाली। जिससे वहां पर दहशत फैल गई। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद मामले की वास्तविकता पता चलेगी।

Leave a comment