कालपी-उरई। गुरुवार की रात हाइवे पर गैस टैंकर के टक्कर मारने से बाइक सवार दो युवकों की मौत के मामले में उप जिलाधिकारी गोरे लाल शुक्ल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के इंचार्ज अभियंता को जोल्हूपुर से यमुना सेतु तक उखड़े पड़े हाइवे रोड की मरम्मत कराने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने चेताया है कि अगर सड़क के कारण भविष्य में कोई दुर्घटना होती है और उसकी वजह से कानून व्यवस्था की समस्या पैदा होती है तो इसका जिम्मेदार एनएचए अभियंताओं को माना जायेगा और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने में भी हिचक नही की जायेगी।
गौरतलब है कि जोल्हूपुर से यमुना पुल तक हाइवे रोड की हालत बुरी तरह खराब हो चुकी है। रोड जगह-जगह उखड़ा है और उसमें गढ़लीका बन गये हैं। कई हादसे इसके चलते हो चुके हैं। जिसमें लोगों को जान तक गंवानी पड़ी। फिर भी एनएचए के अभियंताओं के कानों पर जूं तक नही रेंग रही। बीती रात दो युवकों की जान गढ़लीका के कारण हुई दुर्घटना की भेंट चढ़ गई।
एसडीएम ने लिखा है कि युवकों की बाइक को गैस टैंकर द्वारा टक्कर मारने की वजह सड़क के गढ़लीका ही प्रतीत होते हैं। जिससे टैंकर असंतुलित हो गया। उन्होंने कहा कि अगर मृत युवक स्थानीय होते तो इसकी उग्र प्रतिक्रिया हो सकती थी। लोग सड़कों पर आ जाते और ऐसे अवसरों पर हाइवे पर चलने वाले वाहनों की तोड़फोड़ के वाकये से प्रशासन को एक बार फिर दो-चार होना पड़ सकता था। उन्होंने कहा कि इससे सबक लेते हुए एनएचए को हाइवे के उक्त भाग की मरम्मत कराने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर एनएचए अभियंताओं ने इस पर ध्यान नही दिया तो वे उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेने को मजबूर होंगे।






Leave a reply to ब्रजेँद्र Cancel reply