0 डीएम ने आने वाली शिकायतों का ब्यौरा किया तलब
27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce1उरई। जिलाधिकारी संदीप कौर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए सख्ती कर रहीं हैं। उन्होंने तहसील दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भ और जनसुविधा केंद्र पर आने वाली शिकायतों का ब्यौरा तलब कर कहा कि जन अधिकारियों की शिकायतों का निस्तारण 90 प्रतिशत से कम है उनको चेतावनी जारी की जाये। फिर भी सुधार नहीं किया जाता तो कठोर कार्रवाई की जायेगी।
बुधवार को जिलाधिकारी ने जनसुविधा केंद्र के प्रभारी रोहित कुमार को बुलाकर शिकायतों के निस्तारण का रजिस्टर तलब किया। डीएम ने निर्देश दिए कि विभागवार लंबित शिकायतों का ब्यौरा तैयार कर लें। यह देखें कि किस विभाग की शिकायतें सबसे अधिक लंबित हैं। जिन विभागाध्यक्षों ने शिकायतों के निस्तारण में रुचि नहीं दिखाई है और उनके निस्तारण की स्थिति नब्बे फीसदी से कम है उनको चेतावनी जारी की जाये। इसमें किसी तरह की रियायत नहीं की जायेगी। अधिकारी मुख्यमंत्री संदर्भ की शिकायतों का निस्तारण करने में भी लापरवाही कर रहे हैं इसको किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। शिकायतों का निस्तारण समय पर ही कराना सुनिश्चित कराया जायेगा। हीला हवाली करने वाले अधिकारी सचेत हो जायें।

Leave a comment