उरई। एक ओर जिले में अपराधों की बाढ़ आयी हुई है। दूसरी ओर पुलिस में राम नाम की लूट मची हुई है जिससे अपराधियों के हौसले बुलन्द हो रहे हैं। कैलिया थाना क्षेत्र में महिला मजदूर के साथ छेडख़ानी की कोशिश कर रहे गांव के मनचले को पीटने पर सशस्त्र लोगों ने लाठी कुल्हाडिय़ों से पूरी लेबर पर खतरनाक हमला बोल दिया। जिसमें महिलाओं सहित कई लोग घायल हुए। पुलिस ने घोर अराजकता और दुस्साहस के इस मामले में नजीर बनाने लायक कठोर कार्रवाई करने की बजाय शांति भंग में हमलावरों का चालान कर मामला रफा दफा कर डाला।
कैलिया क्षेत्र में ग्राम तिगरा से नरी तक सम्पर्क मार्ग का निर्माण चल रहा है। 28 अप्रैल को रात में काम बन्द हो जाने के बाद मजदूर ग्राम नरी के सामुदायिक केन्द्र में लेटे हुए थे। रात लगभग 9 बजे नरी का ही निवासी रविशेखर उर्फ पिन्टू वहां घुस आया और महिला मजदूर के साथ अश्लील हरकत करने लगा। महिला मजदूर के चिल्लाने पर अन्य मजदूर दौड़ पड़े और रविशेखर को पकड़ लिया। अपने को घिरा देख रविशेखर ने गांव के अपने दूसरे हमजोलियों को बुलाने के लिये आवाज लगायी जिस पर उसका पिता लच्छीराम, चाचा विजय, भाई शशि शेखर, सनी, रणजीत, चचेरा भाई भद्रसेन और चार-पांच अज्ञात लोग डंडा, कुल्हाड़ी लेकर सामुदायिक केन्द्र में आ धमके। उन्होंने अंधाधुंध हमला करते हुए जैनसिंह, पान कुंवर, चन्द्रपाल, रानी आदि को मरणासन्न कर दिया। इस बीच मेट शेर अली निवासी रामकुंड व निजाम खां निवासी ईंगुई खुर्द थाना एट और पप्पू निवासी लहरियापुरवा मजदूरों को बचाने के लिये दौड़ पड़े तो उक्त लोग उन पर भी हमलावर हो गये। उन्हें न केवल मारा बल्कि शेर अली की जेब से 30 हजार रुपये भी लूट लिये। शेर अली को घटना में पैर में फ्रैक्चर हो गया और सिर में खतरनाक घाव हो गये। अन्य कई मजदूर भी बुरी तरह घायल हुए।
बाद में शेर अली ने किसी तरह घटना की जानकारी अपने ठेकेदार अकबर मंसूरी को मोबाइल पर दी। जिसके बाद वे पुलिस लेकर मौके पर आये। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की उपस्थिति में ही सभी का मेडिकल हुआ और बयान दर्ज किये गये। इससे पीडि़त आश्वस्त थे कि पुलिस उक्त अराजक ग्रामीणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी लेकिन सौदा पट जाने की वजह से थानाध्यक्ष कैलिया ने शांति भंग की आशंका में सभी आरोपियों का चालान कर उन्हें एक तरह से मुक्ति दे दी। इस घटना को लेकर पीडि़त महिला मजदूरों में जबर्दस्त आक्रोश है। क्या पुलिस अधीक्षक इस मामले में कोई हस्तक्षेप करेंगे।








Leave a reply to Lata singh Cancel reply