cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngकोंच-उरई। पिछले तकरीबन डेढ़ माह से जारी जालौन वासियों की जालौन को रेल मानचित्र पर लाये जाने की मुहिम रंग लाई है, आज इलाकाई भाजपा सांसद भानुप्रताप वर्मा ने जालौन नगर और माधौगढ को रेल लाइन से जोडने की लोक सभा में मांग उठाई, उन्होंने पुराने सर्वे फफूंद से जालौन होते हुये कोंच व भिंड से माधौगढ होते हुये जालौन से उरई को जोडने का मुद्दा लोक सभा में जोरदार तरीके से उठाया।
तकरीबन एक सौ बारह साल पुरानी एट कोंच रेल लाइन को पूर्व में जालौन तक बढ़ाये जाने को लेकर कई बार मुहिम छेड़ी गई। एक बार तत्कालीन रेलमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने जनपद जालौन प्रवास के दौरान माना था कि इस पिछड़े इलाके को रेल लाइन से जोड़ जाने की जरूरत है। इस दिशा में शुरुआती तौर पर सर्वे आदि स्वीकृत कर रेल लाइन डाले की प्रक्रिया भी शुरू हुई थी लेकिन इलाके के असरदार लोगों ने रोड़ा अटका कर काम बंद करा दिया था। अभी ताजा रेल बजट में रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने एट कोंच लाइन को आगे भिंड और उरई से महोबा जोड़ने के लिये जब दो नई रेल परियोजनाओं को हरी झंडी दी तो जालौनवासी फट ही पड़े। उन्हें एक बार फिर उपेक्षा का दंश मिला जिससे नाराज होकर वहां तकरीबन डेढ़ महीने से क्रमिक अनशन का दौर चल रहा है और अब वह आमरण अनशन में तब्दील हो गया है। वहां के लोगों का दर्द समझते हुये इलाके के भाजपा सांसद भानुप्रताप वर्मा ने लोकसभा में उक्त ज्वलंत मुद्दा उठाते हुये जालौन नगर और माधौगढ को रेल लाइन से जोडने तथा पुराने सर्वे फफूंद से जालौन होते हुये कोंच व भिंड से माधौगढ होते हुये जालौन से उरई को जोडने की मांग की। उन्होंने रेल मंत्री व प्रधानमंत्री को भिंड से कोंच व उरई से महोबा रेल लाइन जोडने के लिए धन्यवाद भी दिया।
इंसेट में-
4 से कोंच-एट लाइन पर दौड़ेगा इलैक्ट्रिक इंजिन
आगामी 4 मई कोंच रेल सुविधा विस्तार की कड़ी में एक नया आयाम जोडने को उत्सुक है। सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है कि 4 मई से कोंच-एट रेल ट्रैक पर डीजल इंजिन के स्थान पर इलैक्ट्रिक इंजिन दौड़ाने को रेल विभाग ने मंजूरी दे दी है। सूत्र बताते हैं कि उस दिन एट रेलवे स्टेशन पर विभाग का कोई बड़ा अधिकारी हरी झंडी दिखा कर इलैक्ट्रिक इंजिन की शुरुआत करेंगे। मालूम हो कि अभी सप्ताह भर पहले ही इलाके के सांसद भानुप्रताप वर्मा ने रेलमंत्री से मुलाकात कर इलैक्ट्रिक इंजिन चलाने की मांग उठाई थी, इस मांग को लेकर समाजसेवी सुनील लोहिया भी प्राणपण से प्रयासरत थे और सांसद के साथ उन्होंने भी रेलमंत्री से मुलाकात की थी। कोंच की जनता 4 मई को कोंच रेलवे स्टेशन पर इलैक्ट्रिक इंजिन का स्वागत करते की तैयारियों में जुट गई है।

One response to “सांसद ने लोस में उठाया जालौन को रेल लाइन से जोडने का मुद्दा”

Leave a reply to Chandra pratap singh Cancel reply