0 किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के पूरे इंतजाम किये थे पुलिस ने
0 फायर और पीएसी भी बुला लिये गये थे
कोंच-उरई। विधानसभा चुनाव की आमद को देखते हुये अपनी आंदोलनकारी और धारदार छवि को बनाने बनाने में जुटी भाजपा को फिलहाल राज्य संगठन ने थानों का घेराव करने का जो कार्यक्रम दिया है उसमें पार्टी अपना प्रदर्शन उम्दा बनाने की कोशिशों में जुटी है। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की खराब स्थिति बता कर भाजपा सत्ताधारी सपा पर हमलावर है और प्रदेश संगठन के निर्देश पर थाना कोतवालियों को घेरने में लगी है। शनिवार को जिला संगठन के नेतूत्व में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कोंच कोतवाली का घेराव किया औरसूबे में अराजकता और गुंडई का बोलवाला बता कर सरकार को कोसा। उधर, आज ही एट थाने को घेरने का प्रोग्राम फिलहाल मुल्तवी कर दिया गया है, अब वहां 17 को घेरा डालेंगे भाजपाई।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री उत्तरप्रदेश शासन हरिओम उपाध्याय ने तो खुल कर आरोप लगाये कि सूबे में सपा सरकार की छत्रछाया में उसके नुमाइंदे जमकर लूट खसोट करने में जुटे हैं, हालात तो यहां तक खराब हैं कि ये अराजक तत्व उस पुलिस पर भी हावी हैं जिसके जिम्मे समाज के लोगों की सुरक्षा का दायित्व है। मथुरा का जवाहर बाग कांड इस सियासी खेल का ताजा उदाहरण है, वहां किस तरह से रामवृक्ष यादव और उसकी पल्टन को सरकारी संरक्षण देकर पुलिस का मनोबल तोड़ा गया और इस समूचे प्रकरण में दो जांबाज पुलिस अधिकारियों को अपनी शहादत देनी पड़ी। उन्होंने अबैध खनन के मुद्दे पर भी सरकार की अच्छी खबर ली, कहा कि प्रतिदिन यहां से करोड़ों रुपये मौरंग लूट कर सपाइयों की तिजोरियों में पहुंच रहा है, इन खनिज लुटेरों की कारस्तानी के कारण यहां की नदियां खोखली होकर भबिष्य की बिभीषिका की पटकथा लिख रहीं हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन एवं पूर्व विधायक संतरामसिंह सेंगर आदि ने भी अपने संबोधनों में सपा सरकार की जमकर बखिया उधेड़ी, कहा कि इस शासन में न तो आदमी ही सुरक्षित है और न बहू बेटियां। लूट, हत्या, बलात्कार, चैथ बसूली जैसी घटनायें आम हैं। यहां तक कि खुद सपा सुप्रीमो का कल दिया गया बयान इस बात की तस्दीक करता है कि सपा के नेता जमीनों पर कब्जे करने और अराजकता फैलाने में लिप्त हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष द्वय जगदीश तिवारी, ब्रजभूषणसिंह मुन्नू, पूर्व नगर अध्यक्ष कमलेश चोपड़ा आदि ने कहा कि शक्ति के केन्द्र पुलिस का मनोबल सपाइयों की बजह से गिरा हुआ है, इस मनोबल को बढाने की जरूरत है ताकि पुलिस का मान सम्मान बना रहे और वह जनता का मान सम्मान सुरक्षित रख सकने की अपनी जिम्मेदारी निभाती रहे। प्रदेश की जनता को सपा के कुशासन से मुक्ति दिलाने के लिये भाजपा और जनता दोनों ही कमर कस चुके हैं। संचालन पार्टी के नगर महामंत्री अमित उपाध्याय ने किया। इसके बाद भाजपाइयों ने कोतवाली की ओर कूच किया जहां बाद में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन कोतवाल मनवीर सिंह को दिया। इस दौरान सुनीता वर्मा, सांसद प्रतिनिधि अनुरुद्ध मिश्रा, सुनीलकांत तिवारी, सुनील शर्मा, अक्षय त्रिपाठी, किशोरीलाल, संजय सोनी, राकेश वर्मा, नरेश वर्मा, विनोद कुमार सिंह गुर्जर, दीपक मिश्रा, धर्मेन्द्र दुवे, धीरेन्द्र चैहान, अनिल अग्रवाल, ब्रजभूषण कुशवाहा, तीते गहोई, डीके सोनी, सर्वाचरण वाजपेयी, आशुतोष मिश्रा, शिवम गुप्ता, संतोष दुवे, श्यामकिशोर गुर्जर, सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे।
भाजपाइयों से ज्यादा तो पुलिस मौजूद रही
आज भाजपा के प्रदेशीय आह्वान पर कोतवाली घेराव का भाजपा का कार्यक्रम उतना दमदार नहीं दिखा जितनी उम्मीद थी। हालांकि भीषण गर्मी और उमस भरा मौसम भी कम भीड़ जुटने का बड़ा कारण हो सकता है, लेकिन निकट भविष्य में होने वाले विस चुनाव के होमवर्क के रूप में पार्टी संगठन द्वारा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के लिये जो आंदोलन छेड़ा है उसमें संख्याबल को नजरंदाज नहीं किया जा सकता है। तहसील परिसर का नजारा देखने लायक था, जितने कार्यकर्ता नहीं थे उससे ज्यादा तो पुलिस ने अपने बंदोबस्त कर रखे थे। कोतवाल मनवीर सिंह के अलावा थानेदारों रवीन्द्र कुमार त्रिपाठी, राजवीर सिंह, राजेन्द्रप्रसाद दुवे, दिनेश यादव, विनोद त्रिपाठी, उदयपाल सिंह के अतिरिक्त उरई लाइन से दरोगाओं और सिपाहियों की पूरी फौज कोतवाली में छावनी बनाये पड़े थे, पीएसी और फायर सर्विस भी बुला ली गई थी लेकिन कुल मिला कर सब कुछ शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया।







Leave a Reply