11orai02उरई। एक दिन में वृक्ष लगाने की संख्या में मायावती का रिकार्ड तोड़ने के लिए अखिलेश यादव ने सोमवार को पूरे प्रदेश में अंधाधुंध वृक्षारोपण कराया। जिस तरह से मायावती की सनक पूरी करने के लिए संसाधन पर्याप्त न होते हुए भी बुंदेलखंड में 2009 में भारी वृक्षारोपण अफरा-तफरी और कागजीकरण की भेंट चढ़ गया था वैसा ही सीन आज के वृक्षारोपण में भी रहा। प्रदेश भर में 5 करोड़ पौधे एक दिन में लगाने के इस अभियान के तहत जिले में 11 लाख 69 हजार पौधे रोपे जाने थे लेकिन बारिश शुरू हो जाने और इतनी लेबर न मिलने की वजह से कई हजार पौधे डंप करने पड़े हैं।
विशेष पौधरोपण अभियान के तहत मुख्य कार्यक्रम छौक मौजे में वन क्षेत्र चमारी के तहत हुआ जहां जिलाधिकारी संदीप कौर ने कई अधिकारियों के साथ 11 हजार पौधे लगाये। इसके अलावा कानपुर हाईवे पर भी 14 हजार पौधे लगाये गये। इसमें पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने भी सहभागिता की।
महेबा क्षेत्र में अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया। मुख्यरूप से शीशम, सागौन, नीम, पीपल, पाखर, अशोक, जामुन, कंजी और गूलर के पेड़ लगाये गये। बताया जाता है कि जितनी नर्सरियां नहीं हैं उससे ज्यादा पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया गया था जिससे सरकार और प्रशासन को काफी जुगाड़ करना पड़ा। इस चक्कर में ठेकेदारों ने निचले अधिकारियों से मिलकर केवल टहनियों की सप्लाई कर दी। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नही हो पाई है लेकिन यह सही है कि अगर इतने पेड़ वास्तव में लगे हैं तो पूरे जिले में हरियाली ही हरियाली दिखाई देगी। लेकिन अतीत का अनुभव बताता है कि ऐसा होता नही है। मायावती के समय हुए विशेष पौधरोपण अभियान के समय भी कुछ वर्षों में पूरा बंुदेलखंड हरित प्रदेश हो जाने का जो सब्जबाग दिखाया गया था उसकी एक झलक भी कहीं आज नजर नही आती।

Leave a Reply