15orai01उरई। 16 से 22 जुलाई तक मनाये जाने वाले भूगर्भ जल सप्ताह की तैयारियों के लिए शुक्रवार को विकास भवन में बैठक आयोजित हुई। बैठक में नोडल विभाग लघु सिचाई द्वारा अपनाये गये तौर तरीकों से जाहिर हो गया कि इस सप्ताह में जागरूकता के नाम पर विभागाध्यक्ष की जीभ इसके लिए आवंटित बजट को चाटने के लिए लपलपा रही है। लेकिन वे कुछ भी करने-धरने के मूड में बिल्कुल नही हैं।
लघु सिचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता रविंद्र कुमार की मेजबानी में विकास भवन में आयोजित इस बैठक में भूगर्भ जल जागरूकता सप्ताह की दुर्दशा के आसार पूत के पांव पालने में ही दिख जाने की तरह उजागर हो गये। मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम, परियोजना निदेशक डीआरडीए चित्रसेन जैसे सीनियर अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद रविंद्र कुमार ने बेहयायी की इंतहा कर दी। सारा बजट सीधे-सीधे गटक जाने के चक्कर में उन्होंने बैठक के लिए एक बैनर तक बनवाने की जहमत नही उठाई। सूना-सूना सा मंच ऐसा लग रहा था जैसे बैठक न होकर स्यापा हो रहा है।
जब बैनर ही नही बनवा सके साहब तो फोल्डर और पर्चें बनवाने की तो सोच कैसे पाते। अधिशाषी अभियंता और अन्य उपस्थित अधिकारियों ने खुद सुने और खुद बांचे की तर्ज पर एक-दूसरे को रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, वर्षा जल संचयन, तालाब खुदाई आदि पर प्रवचन सुनाये। जबकि रूफ वाटर हार्वेस्टिंग तो सरकारी इमारतों तक में नही की जा रही। जिसकी गवाह दूसरों का नक्शा बिना रूफ वाटर हार्वेस्टिंग के पास न होने देने की कसम खाये बैठे ओडीए की खुद की नई बिल्डिंग है। चुर्खी रोड पर बनी इस बिल्डिंग में कोई जाकर ढूढ़ कर तो बता दे कि छत में कहा व्यवस्था है जहां बारिश का जल इकटठा कर पाताल में जाता दिखाई दे रहा हो। बहरहाल इन प्रवचनों की जरूरत आम लोगों के लिए थी जो अगर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग का मंत्र जज्ब कर लें तो बूंद-बूंद से घट भरे की तर्ज पर हर आदमी के योगदान से पाताल को सही सलामत रखने का गुरुतर इंतजाम हो सकता है।
गौरतलब है कि 2007 के सूखे के बाद से जिले में नलकूंपों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। हैंडपंपों की तादाद भी बेशुमार हो गई है। एक ओर इन इंतजामों से पूरा पाताल उलीच देने का जौहर दिखाया जा रहा है। दूसरी ओर लगातार जारी सूखा के चलते बारिश पाताल को मेंटेन करने में कोई मदद नही दे पा रही। शेषनाग तक पानी के छौंट जाने से जल बिन मछली की तरह पाताल में छटपटा रहे है जिससे भूकंप के झटके पृथ्वी लोक वासियों को झेलने पड़ रहे हैं। प्रत्यक्ष तौर पर भी इस वर्ष सारे पेयजल नलकूपों तक में काॅलम पाइप डालने की नौबत आ जाने से हाहाकार का डरावना अनुभव सारे लोगों ने किया है। फिर भी जिम्मेदार विभाग सचेत नही हो पा रहे। लेकिन सरकार इन विभागों को ही दूसरों को सचेत करने का बजट सौंपकर विपर्यास की नायाब नजीर पेश कर रही है।

Leave a Reply