Milky_way_broken_European (1)
कोंच-उरई। कोंच से निकलने बाली सभी सड़कों की खस्ता हालत को लेकर जो अंदेशा व्यक्त किया जा रहा था वह स्थिति बनती दिख रही है। बस यूनियन ने आज इस बात की घोषणा भी कर दी है कि यदि सड़कों की हालत सुधारने के प्रयास नहीं किये जाते हैं तो यूनियन सांकेतिक तौर पर 25 जुलाई को एकदिनी धरना प्रदर्शन करते हुये बसों का चक्का जाम रखेगी। इसके बाद मांगों को लेकर समाधान नहीं होने की स्थिति में बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जायेगी।
बस यूनियन कोंच की एक आपातकालीन बैठक आज यात्री प्रतीक्षालय कोंच में यूनियन के अध्यक्ष मल्लू शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों पर चर्चा में कहा गया कि उरई-कोंच, कोंच-नदीगांव, कोंच-कैलिया, कोंच-एट, कोंच-महेशपुरा, कोंच-बंगरा, कोंच-जालौन की स्थिति काफी जर्जर होने की वजह से बसों का संचालन दुरुह हो गया है। यूनियन ने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुये तय किया कि सड़कें बनवाने की मांग को लेकर यूनियन 25 जुलाई को एकदिनी धरना प्रदर्शन करते हुये बसों का चक्का जाम रखेगी। इसके बाद भी यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल कर दी जायेगी। इसी बैठक के दौरान नगर पालिका द्वारा लिये जा रहे शुल्क को लेकर भी अहम् प्रस्ताव पारित किया गया। यूनियन के मुताबिक नियमानुसार आने-जाने और हाल्टिंग के रुपये 7.50 शुल्क बनता है जिसके एवज में पालिका द्वारा दबंगई के बल पर रुपये 20 की बसूली की जा रही है। इस संबंध में एक बैठक 23 जुलाई को करके यूनियन बतौर शुल्क 10 रुपये देने का फैसला लेगी। इस दौरान मल्लूशाह, संजीव शर्मा, संदीप दुवे, महबूब अहमद, समसुद्दीन, रामकुमार अग्रवाल, रमेशचंद्र पटेल, अखिलेशकुमार निरंजन, राजकुमार अग्रवाल, राशिद अहमद, सैफउद्दीन, मनोज गुर्जर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply