0 डोर टु डोर चेकिंग के दौरान अदेयता में सैकड़ा भर कनेक्शन काटे
कोंच-उरई। कम राजस्व बसूली को लेकर विभागीय आला अधिकारियों की आंखों की किरकिरी बने कोंच के बिजली विभाग ने राजस्व बढ़ाने के लिये डोर टु डोर चेकिंग अभियान चला कर न केवल दो दिनों में दस लाख रुपये वसूल लिये बल्कि बिलों का भुगतान नहीं करने वाले पांच हजार तक के सैकड़ा भर बकायेदारों के कनेक्शन काट दिये और उन्हें नोटिस थमा दिये।
कोंच उपखंड में कम राजस्व बसूली को लेकर आला अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओ विकास सोनी की अगुवाई में चेकिंग अभियान के साथ वसूली अभियान भी चलाया गया। पिछले दो दिनों में टीम ने जवाहर नगर, तिलक नगर, लाजपत नगर, पटेल नगर आदि इलाकों में चलाये गये अभियान में अधिकारियों और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने डोर टु डोर जाकर बिलों की स्थिति देखी। जिन लोगों के बिलों का भुगतान हो चुका था उन्हें छुये बिना टीम ने उन लोगों को निशाने पर लिया जिनके पांच हजार या इससे ऊपर के बिलों का भुगतान नहीं किया गया था। ऐसे सैकड़ा भर बकायेदारों के संयोजन विच्छेदित कर दिये गये। गुरुवार को 77 कनेक्शन काटे गये तथा 6 लाख 50 हजार रुपये की बसूली की गई जबकि शुक्रवार को बारिश के कारण अभियान को हल्का ब्रेक लगाना पड़ा जिसके चलते 36 कनेक्शन काटे गये और 4 लाख की बसूली की गई। एसडीओ ने कहा है कि लोग अपनी मर्जी से अपने बकाये बिलों का भुगतान कर किसी भी अप्रिय स्थिति से बच सकते हैं, यह अभियान अभी 31 जुलाई तक जारी रहेगा लेकिन ऐसे अभियान लगातार चलते रहेंगे। टीम में जेई संजय, अनिल राजपूत, अरविंद, उमेश, बलवीर, रवीन्द्र पटेल, अनूप, मनीष आदि शामिल रहे।







Leave a Reply