उरई। लोकतंत्र की कैसी विड़बना है कि कहने को तो प्रजा प्रभु होती है लेकिन हमारे भाग्य विधाता हमारे जनप्रतिनिधि होते है। ऐसे में मतदाता की जागरुकता ही चुनाव सुधार कर सकती है। यह बात मध्य प्रदेश शासन के पूर्व संयुक्त निदेशक सूचना सुभाष अरोरा ने कही। वह एडीआर एवं यूपी इलेक्शन वाच के संयुक्त तत्वावधान में घनाराम हरीराम पीजी कालेज मिनौरा में चुुनाव सुधार संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
श्री अरोरा ने कहा कि चुनाव में खर्च की जो बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। यह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली है। यदि स्थितियां जल्द न बदली तो स्थिति और भयावह हो जाएगी। इसलिए युवाओं को जिज्ञासु होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बढ़ते चुनाव खर्च को रोकने के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि निर्वाचन आयोग पूरी चुनाव प्रक्रिया अपने द्वारा संचालित करे। इसके लिए केंद्र सरकार निर्वाचन आयोग को एक बजट दे। इससे किसी भी प्रत्याशी का एक धेला खर्च नहीं होगा। जब ऐसा होगा तो अच्छे लोग भी चुनाव जीत सकेंगे। ऐसे में भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम हो जाएगी। उन्होंने सुझाव रखा कि जिस दिन से प्रत्याशी घोषित हो। उसी दिन से उसके द्वारा जो भी प्रचार किया जाए। उसे उसके चुनाव खर्च में जोड़ा जाए। साथ ही चुनाव खर्च की निगरानी भी सख्ती से की जाए।
यूपी इलेक्शन वाच के प्रदेश समन्वयक अनिल शर्मा ने कहा कि एडीआर के कारण हमें प्रत्याशी को नकारने का हक नोटा मिला है। उनकी मांग है कि यदि किसी निर्वाचन क्षेत्र में प्रत्याशी से ज्यादा नोटा को वोट मिले तो उस सीट को रिक्त कर दोबारा चुनाव कराए जाए तथा उसमें चुनाव लडने वाले प्रत्याशी को दोबारा मौका न दिया जाए। क्योंकि ऐसे प्रत्याशियों को जनता ने नकार दिया है। श्री शर्मा ने कहा कि जब बजट के अभाव में सरकारी कर्मचारियों की पेंशन बंद कर दी गई है तो इन माननीयों को पेंशन किस आधार पर लगातार बढ़ाई जा रही है। इनकी भी पेंशन बंद होनी चाहिए।
कालेज के प्रबंधक कृपाशंकर द्विवेदी बच्चू महाराज ने कहा कि उसी नेता को वोट देना चाहिए। जिसने कम से कम तीन साल क्षेत्र में समाजसेवा का काम किया हो। टिकट खरीदकर चुनाव लडने वालों का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि आज जो मुहिम इस कालेज मे चलाई गई है। इसे लगातार जारी रखे। कम पैसे का चुनाव आज की जरुरत बन गया है। घर, जाति, वर्ग, धर्म को छोडकर अच्छे प्रत्याशी को चुनना होगा। उन्होंने भी चारों स्तंभों से सवाल पूछने पर बल दिया।
इस दौरान छात्रा दीपिका यादव, जितेंद्र कुमार, अवनीश कुमार, रीतेश, माधुरी, नीलम, समीक्षा द्विवेदी, ज्योति द्विवेदी ने भी चुनाव सुधार से संबंधित सवाल पूछे। इस मौके पर प्रियंक दीक्षित, इंद्रपाल सिंह, विनय चंचैदिया, जगत सिंह पाल, नरेंद्र कुशवाहा, सुरेंद्र परिहार, रवि विश्वकर्मा, अशोक कुमार, दिलीप, विकास, आकाश कुशवाहा,कोमल वर्मा, दीक्षा यादव, पूजा कुशवाहा, प्रियंका राठौर, रिंकी पाल आदि सैंकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
युवा तीन काम करें
चुनाव सुधार के लिए युवा तीन काम कर सकते है। पहला अच्छे व सच्चे प्रत्याशी के लिए घर में चर्चा करे। अपने क्षेत्र की समस्याओं के निदान एवं विकास के लिए मांगपत्र बनाए। तीसरा लोकतंत्र के चारों स्तंभों से सवाल करे। यदि युवा ऐसा करने में सफल रहे तो चुनाव सुधार से कोई नहीं रोक सकता है।
एडीआर से लें जानकारी
जब प्रत्याशी के बारे में जानकारी की बात युवाओं ने उठाई तो यूपी इलेक्शन वाच के समन्वयक अनिल शर्मा ने कहा कि एडीआर की वेबसाइट से चुनाव लडने वाले प्रत्याशियों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने माई नेता डाटकाम व मोबाइल ग्रुप के बारे में भी युवाओं को जानकारी दी।







Leave a Reply