0 शिकायतों के मद्देनजर कोटेदारों की क्लास लगाई अधिकारियों ने
कोंच-उरई। जब से खाद्य सुरक्षा कानून लागू हुआ है और बीपीएल समाप्त कर पात्र गृहस्थियों का चयन किया गया है तभी से खाद्य सामग्री वितरण में व्यापक स्तर पर धांधली की शिकायतें लगभग रोज ही अधिकारियों के पास पहुंच रही हैं कि अमुक कोटेदार उसके हिस्से का राशन नहीं दे रहा है। अधिकारियों के कान पका चुकी ऐसी शिकायतों को मद्देनजर रखते हुये गुरुवार को अधिकारियों ने तहसील क्षेत्र के नगरीय व ग्रामीण इलाकों के कोटेदारों की यहां तहसील सभागार में कक्षा लगा कर उन्हें कायदे से समझा दिया है कि उपभोक्ताओं को अगर हलकान किया गया तो खैर नहीं है।
एसडीएम गोरेलाल शुक्ला की अध्यक्षता और तहसीलदार भूपालसिंह, आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप एवं आपूर्ति लिपिक चंद्रशेखर की मौजूदगी में कोटेदारों की बैठक तहसील सभागार में संपन्न हुई। एसडीएम ने कोटेदारों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सितंबर माह तक मुफ्त राशन सामग्री पात्र गृहस्थितियों और अंत्योदय कार्ड धारकों को मुहैया कराना है, इस वितरण में हीला हवाली कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी। उन्होंने बताया कि उनके पास हर रोज इस तरह की शिकायतें आ रहीं हैं कि सूची में उनका नाम होने के बाबजूद कोटेदार उन्हें खाद्यान्न नहीं दे रहे हैं। एसडीएम ने कहा कि इस तरह की शिकायतें उनके पास दोबारा से नहीं आनी चाहिये। उन्होंने यह भी कहा कि कोटेदार को चाहिये कि वह दुकान पर आने बाले उपभोक्ता के साथ नरमी से पेश आये, अगर वह खाद्यान्न प्राप्त करने की पात्रता में नहीं भी है तो यह बात उसे अच्छी तरह से समझायें। स्टॉक एवं वितरण सही ढंग से मेंटेन करें और प्रतिदिन रजिस्टर का अपडेट करें। खाद्यान्न का वितरण सुबह के समय करना सुनिश्चित करें, कार्य में लापरवाही कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी और किसी भी अनियमितता की स्थिति में कोटेदार के विरुद्घ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान राकेश अवस्थी, सतीश छावला, जहानसिंह यादव, करनसिंह यादव, कृष्णकुमार गुप्ता, सुभाष गुप्ता, प्रदीप चमरसेना, उत्तमसिंह, राजेन्द्रसिंह, हबीबखां, कमलेशकुमार, संगीतादेवी, रामराजा, मायादेवी, सवितादेवी, गजराजसिंह, अवधविहारी, अशोक, वीरेन्द्र, लल्लूराम, तुलाराम, भगवती आदि मौजूद रहे।







Leave a Reply