cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। राहुल गांधी के रविवार को कोंच में आयोजित खाट सभा से लेकर सोमवार को उरई में आयोजित रोड-शो तक पूरे कार्यक्रम में पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी का वनमैन-शो नजर आया। उनके साथ रथ में कौन सवार हो और कौन नही, यह विनोद चतुर्वेदी ने ही तय किया। तमाम महारथी कांग्रेस नेता इसके कारण राहुल के पूरे कार्यक्रम में साइड लाइन हो गये।
राहुल गांधी के कार्यक्रम से जालौन जिले की कांग्रेस की राजनीति में विनोद चतुर्वेदी का कद और शक्तिशाली होकर उभरा। दोनों दिन विनोद चतुर्वेदी ही राहुल गांधी को गाइड करते नजर आये। बजरियां में रफी अहमद किदवई मार्ग के सामने राहुल गांधी के लोगों को संबोधित करते समय विनोद चतुर्वेदी बैठ गये और उन्होंने मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण शहर कांग्रेस अध्यक्ष डाॅ. रेहान सिददीकी को उनके बराबर पर खड़ा किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्यामसुंदर चैधरी को भी विनोद चतुर्वेदी ने रथ में पूरे समय अपने साथ रखा।
पिछले चुनाव में उरई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे डाॅ. रामाधीन पदमशाह बाबा की दरगाह के पास राहुल के नजदीक जाने के लिए भीड़ से जूझते नजर आये लेकिन बाद में वे निराश होकर चले गये। कांग्रेस के एक और कददावर नेता सत्यपाल शर्मा को भी माहिल तालाब स्थित गांधी प्रतिमा के पास उनके नजदीक जाने का मौका मिल पाया। बाद में उन्होंने राठ रोड पर अपने आवास के सामने राहुल को माला पहनाई।
खास बात यह रही कि सर्राफा बाजार से राठ रोड तक कई ऐसे परिवारों ने राहुल के स्वागत की व्यवस्था में दिलचस्पी ली जिनकी निष्ठा संघ और भाजपा से जुड़ी मानी जाती थी। वैश्य परिवारों में सेंधमारी सफल हो जाने से विनोद चतुर्वेदी बेहद खुश थे। दूसरी पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता भी राहुल के रोड-शो को देखने से अपने को नही रोक सके। रविवार को कोंच में झांसी के नेता प्रदीप जैन आदित्य भी राहुल के साथ आये थे जो खुद को बुंदेलखंड में कांग्रेस का सबसे बड़ा नेता प्रोजेक्ट करने में लगे रहते हैं लेकिन उन्हें भी विनोद चतुर्वेदी के आगें बहुत भाव नही मिल पाया।

Leave a comment