0 काला धन की वापसी का पैसा केवल विजय माल्या और बाबा रामदेव के खाते में आया
0 मोदी को विकास में नही, दंगे कराने में महारत
0 बजरियां में लोगों ने फूल बरसाकर किया राहुल का इस्तकबाल
उरई। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को जालौन जिले के जिला मुख्यालय उरई में रोड-शो के दौरान बजरिया में आयोजित एक संक्षिप्त सभा में फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति हमदर्दी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह ने यूपी के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश को उन्हीं की प्रदेश की जनता के सामने बेइज्जत किया है। राहुल ने पूछां कि अखिलेश ने जिन मंत्रियों को हटाया था क्या वे भ्रष्ट नहीं थे। अगर वे भ्रष्ट थे तो उनकों वापस लेने का दबाव अखिलेश पर क्यों बनाया गया।
राहुल ने उरई में अपने रोड-शो का आगाज सिविल लाइंस रोड पर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा के माल्यार्पण के साथ किया। मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक आगे बढ़ने के बाद उनका कारवां मुस्लिम बाहुल्य बजरिया रोड के लिए बढ़ गया। रफी अहमद किदवई रोड पर उन्होंने काफिला रोक कर अपने रथ के ऊपर खड़े होकर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने जिले के दौरे के दूसरे दिन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रमुखता से निशाने पर रखा। उन्होनंे कहा कि मोदी विकास की बात करते हैं। लेकिन उन्हें केवल दंगा कराने की कला आती है। उनकी सरकार के आने के बाद भाई-भाई धर्म के आधार पर एक-दूसरे से लड़ने में लग गये। हरियाणा में 10 वर्ष तक कांग्रेस का शासन रहा लेकिन कभी कोई फसाद नही हुआ। भाजपा की सरकार आते ही हरियाणा में जाट-नाॅनजाट का दंगा हो गया। उन्होंने पूंछा कि मोदी जी बतायें कि दंगों से विकास होता है या विनाश।
राहुल ने एक बार फिर यहां काले धन को लेकर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कहा था कि उनकी सरकार आई तो विदेशों से काला धन वापस लाकर हर आदमी के खाते में 15-15 लाख रुपये जमा करा देंगे। लेकिन किसी के खाते में कोई रकम नही आई। आई होगी तो केवल विजय माल्या और बाबा रामदेव के खाते में।
राहुल ने बजरिया रोड पर ही माहिल तालाब के समीप सर्राफा मार्केट एसोसिएशन के व्यापारियों की नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होनंे कहा कि यह सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के कर्जें माफ करना जानती है जो सीधे अरुण जेटली से बात कर सकें। गरीब किसान और छोटे व्यापारियों को कर्जा माफी की राहत देना उसे गंवारा नही है। उन्होंने पूंछा कि आप लोगों का क्या कुसूर है। क्या आपका कुसूर यह है कि आप मर्सिडीज गाड़ी से नही चलते और आपके पास हजारों-करोड़ों की पूंजी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर विजय माल्या देश का दस हजार रुपये करोड़ रुपये की चोरी करके भाग जाता है तो उस मासूम को सरकार सिर्फ डिफाल्टर कहती है लेकिन अगर हमारी सभा में भीड़ के कारण खाटें टूटने पर दो-चार किसान उन्हें बचाने के लिए खाट उठा ले जाते हैं तो भाजपा वाले टीवी पर कहते हैं कि यूपी के किसान चोर हैं।
बजरियां में राहुल गांधी पर जगह-जगह लोगों ने गुलाब के फूलों की बारिश से उनका अभिनंदन किया। जिससे वे काफी गदगद नजर आये। बाद में उन्होंने माहिल तालाब पर महात्मा गांधी और राठ रोड पर पूर्व सांसद स्व. ब्रहमानंद लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
दरगाह पर गये और मंदिर में भी
टीम पीके ने राहुल के रोड-शो का संयोजन करते हुए लोगों की धार्मिक भावनाओं का भी ख्याल रखा। इसीलिए महापुरुषों के साथ-साथ अंबेडकर चैराहा स्थित पदमशाह बाबा की दरगाह पर राहुल ने सिजदा किया तो राठ रोड पर संकटा देवी मंदिर में दर्शन कर देवी का आशीर्वाद लिया।
तार-तार रही सुरक्षा व्यवस्था
आतंकवादी हमले के थ्रेट परसेप्शन में शुमार राहुल गांधी को प्रधानमंत्री स्तर की एसपीजी सुरक्षा मिली हुई है लेकिन उनके उत्साह की वजह से सुरक्षा व्यवस्था तार-तार होती रही और असहाय एसपीजी केवल हाथ-पैर भर पटक पाई। राहुल ने अपने रथ पर नीचे झुककर लोगों से कई जगह हाथ मिलाया। भीड़ उनके सुरक्षा घेरे को भेदकर बार-बार उनके नजदीक आ-जा रही थी। एसपीजी और पुलिस लोगों को रोकने में कहीं कामयाब नही हो पाये।






Leave a comment