उरई। राठ रोड पर संकटा मंदिर के बगल में कांग्रेस की युवा टीम ने आशीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में शामियाना लगवाकर राहुल गांधी की सभा का इंतजाम किया था लेकिन जब मंदिर के दर्शन करके राहुल गांधी रथ पर सवार हो गये तो युवा टीम के चेहरों पर मायूसी उतर आई। हालांकि आशीष चतुर्वेदी ने बाद में युवाओं के मनोबल के नाम पर जब राहुल से गुहार की तो राहुल उनका आग्रह नही टाल पाये और उन्होंने रथ से ही युवाओं के नाम संबोधन दिया। राहुल की इस मेहरबानी से बाग-बाग हुई युवा टीम ने उनके जिंदाबाद के साथ-साथ आशीष चतुर्वेदी जिंदाबाद के नारे भी गुंजाये।
राहुल गांधी की सभा में टीम पीके के अलावा आशीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में एनएसयूआई और युवक कांगेस की टीम ने भी जमकर पसीना बहाया। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आशीष और उनके साथी सभी जगह पूरी तरह मुस्तैद रहे। इस तरह राहुल के कार्यक्रम के बहाने आशीष अपने आप को कांग्रेस की नई पीढ़ी के नेता के रूप में स्थापित करने में कामयाब रहे हैं। जिससे जाहिर हो गया कि कांग्रेस में विनोद चतुर्वेदी का जलबा आने वाली पीढ़ी तक बरकरार रहेगा।






Leave a comment