उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सांठगांठ से अवैध बालू खनन धड़ल्ले से कराकर पहले से इस मुद्दे पर सांसत में फंसी यूपी सरकार की मुसीबत और बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
रामपुरा थाना क्षेत्र में बिल्हौड़ और हुकुमपुरा के बीच काली सिंध के किनारे जमीन को माफियाओं ने चिन्हित किया है। जिसमें बालू का बड़े पैमाने पर कुदरती भण्डारण है। माफियाओं ने एक सप्ताह से अधिक समय से पुलिस से सेटिंग के बाद इस जमीन में जेसीबी के पंजे गड़ाकर बालू खोदना शुरू किया। हर रोज सैकड़ों ट्रैक्टर यहां से इटावा के रास्ते पर जा रहे हैं। माफिया इटावा जिले के निवासी बताए गए हैं जिसके कारण वे सत्ता में अपनी गहरी पैठ की डींग हांकते रहते हैं। जबकि अवैध बालू खनन को हाई कोर्ट द्वारा संज्ञान में लेकर सीबीआई को इसकी जांच सौंपी जाने के बाद से यह मामला राज्य सरकार को जलती आग की तरह संवेदनशील नजर आ रहा है। जिससे अपना दामन बचाए रखने में राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

Leave a comment