उरई। गत् 25 सितंबर को कांशीराम कालोनी के पास नहर में मिले शव के मामले का खुलासा हो गया है। मृतका आरती की हत्या उसके मौसेरी बहन के पति ने की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने कहा कि उसकी धमकियों की वजह से उसका दाम्पत्य जीवन खतरे में पड़ गया था। जिसके कारण उसने धोखे से उसे बुलाकर उसका गला घोंट डाला।
गत् 25 सितंबर को कांशीराम कालोनी के पास मिले युवती के शव की शिनाख्त मैकेनिक नगर निवासी आरती के रूप में हुई थी जो एक दिन पहले दवा लेने के लिए घर से निकली थी। आरती के पिता धर्मपुरा के रहने वाले थे। उनकी मौत के बाद उसकी मां अपने बच्चों को लेकर उरई में रहने लगी थी।
जब वह धर्मपुरा में थी तब सिरसाकलार थाने के जखा का सजातीय युवक इंद्रवीर पुत्र देवलाल पुरानी रिश्तेदारी की वजह से उसके गांव आता-जाता था। इस दौरान दोनों के प्रेम संबंध हो गये। इंद्रवीर का विवाह बाद में आरती की मौसी की लड़की से तय हो गया। पहले तो आरती ने यह शादी तोड़ने के लिए इंद्रवीर पर दबाव बनाया। उसने इस दौरान धमकी भी दी कि अगर उसने ऐसा नही किया तो वह आत्महत्या कर लेगी और इल्जाम उसके सिर पर मढ़ देगी। इंद्रवीर ने इसके बावजूद उसकी अनसुनी करके विवाह कर लिया। फिर भी उसने इंद्रवीर का पीछा नही छोड़ा। वह इंद्रवीर को उसके साथ एक और विवाह रचाने के लिए फोन पर परेशान करती रहती थी।
तंग आकर इंद्रवीर ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। 25 सितंबर को उसने उरई आकर फोन करके आरती को बुलाया। दोनों ने एक साथ खाना-पीना भी किया। इसके बाद इंद्रवीर ने अचानक उसके गले में एल्यूमिनियम का तार डालकर कसने की कोशिश की लेकिन उसने तार की जकड़न प्रतिरोध करके हटा दी। तो इंद्रवीर ने उसके दुपटटे को उसके गले में कस दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने की चुनौती पुलिस के लिए बड़ी थी। प्रभारी कोतवाल सुनील कुमार तिवारी ने मौके से मिले आरती के मोबाइल के आधार पर ट्रेस किया। उसकी आखिरी समय इंद्रवीर से कई बार लंबी बातचीत हुई थी। लेकिन वारदात के बाद इंद्रवीर ने वह सिम निकालकर फेंक दी थी। इसलिए पुलिस के लिए उस तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा कठिन था। बाद में पुलिस ने सिम जिस मोबाइल में पड़ी थी उसकी ईएमआई नंबर के आधार पर शिनाख्त कर ली। इस मोबाइल में दूसरी सिम पड़ी थी। जिसके कारण पुलिस इंद्रवीर तक पहुंच गई। पहले तो वह आनाकानी करता रहा। लेकिन जब पुलिस ने उस पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया तो वह टूट गया और उसने जुर्म कबूल कर लिया।





Leave a comment