उरई। गोहन थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े तमंचे की नोंक पर दंपत्ति को लूटे जाने की घटना से सनसनी फैल गई है। वारदात करने वाले बदमाशों का कोई सुराग पता लगाने में पुलिस को अभी तक कोई कामयाबी नही मिल पाई है। वारदात की वजह से क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई है।
शुक्रवार को दोपहर में कानपुर देहात के तिझौना गांव निवासी राजवीर सिंह सोलंकी अपनी पत्नी आराधना को बैठाकर मोटर साइकिल से जा रहे थे। कुरसेड़ा के पहले बिना नंबर की एक पल्सर पर बैठे तीन युवकों ने इस दौरान ओवर टेक करके उनके मोटर साइकिल रोक ली। इसके बाद युवकों ने तेजी से दम्पत्ति की ओर तमंचा तान दिया। जिससे पति-पत्नी घबड़ा गये। अनुराधा ने बदमाशों की बात मानकर फटाफट गले में पहनी सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, सोने की दोनों अंगूठियां और कानों के टाॅप्स उतारकर उन्हें सौंप दिये। उनके पास छह हजार रुपये की नगदी थी। बदमाशों ने नगदी भी छीन ली। साथ में दोनों के मोबाइल भी उन्होंने जबरन ले लिये और तमंचा लहराते हुए गोहन की तरफ भाग निकले।
जब यह घटना हो रही थी उसी समय राजपुरा निवासी कैप्टन मास्टर सिंह गुजरे। उन्होंन दम्पत्ति को लूट रहे बदमाशों को टोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर भी तमंचा तान दिया जिससे वे सहम गये। बदमाशों के भाग जाने के बाद दम्पत्ति थाने पहुंची और पुलिस को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। उनकी आपबीती सुनकर पुलिस के होश उड़ गये। तत्काल चारों ओर पुलिस दौड़ी लेकिन कोई सुराग हाथ नही लग सका।







Leave a comment