उरई। कालपी में यमुना सेतु पर गिटटी से लदा डम्पर सामने आ रहे ट्रक से भिड़ गया। जिसके बाद डम्पर आड़ा होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पुल पर से झूलने लगा। रात 11 बजे हुए इस हादसे के बाद पुल से होकर यातायात ठप्प हो गया जो शुक्रवार को सुबह 9 बजे पुनः चालू हो पाया जिसके कारण वाहन सवार रात भर यहां अटके रहे।28orai04
झांसी-कानपुर हाइवे पर कालपी के यमुना पुल पर यातायात गतिरोध और जाम लगना आम बात हो चुकी है। गुरुवार की रात गिटटी से भरा एक डम्पर दुर्घटना ग्रस्त होकर पुल पर इस कदर फंस गया कि पुल से वाहन निकलने की रत्ती भर भी गुंजाइश नही रह गई। इसके कारण दोनों ओर के वाहन जाम होते चले गये और सुबह होते-होते दोनों ओर कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई।
खबर पाकर कोतवाल सत्येंद्र सिंह राठौर पुलिस बल के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की के्रन तथा जेसीबी मशीन लेकर डम्फर हटवाने के लिए पहुंचे लेकिन किलोमीटर लंबे जाम की वजह से क्रेन को दुर्घटना ग्रस्त डम्फर के नजदीक तक ले जाने में घंटों लग गये। इस बीच पूरी रात भर फंसे रहे यात्रियों में हाहाकार मचा रहा। घंटों बाद जब क्रेन डम्फर के नजदीक पहुंची उसके बाद डम्फर की ओवर लोड गिटटी को खाली कर यमुना में फिकवाया गया तब कहीं जाकर डम्फर को दुर्घटना ग्रस्त स्थल से खींचकर ले जाना संभव हो पाया।
गौरतलब है कि मरम्मत चलने की वजह से कालपी का पहला पुल पिछले चार महीने से बंद चल रहा है। नतीजतन नये पुल से दोनों साइड की गाड़ियां निकाली जा रहीं हैं। नया पुल सकरा होने और अधिक संख्या में गाड़ियों के निकलने की वजह से वाहन दुर्घटनाओं में भारी इजाफा हो गया है। हालांकि एनएचआई के जनसंपर्क अधिकारी इं. बीएन त्रिपाठी ने तसल्लीबख्श बयान देते हुए बताया है कि पुराने पुल की मरम्मत एक सप्ताह के अंदर पूरी हो जायेगी। जिसके बाद दोनों पुल पर से एक-एक साइड का यातायात चलवाकर आवागमन व्यवस्था को सुचारू बना दिया जायेगा।

Leave a comment