- मथुरा प्रसाद महाविद्यालय में लगे महिला मतदाता पंजीकरण मेले में हुये 170 पंजीकरण
कोंच। ईपी और जेंडर रेशियों मानकों के अनुरूप नहीं निकल कर आने को लेकर सख्त हुये राज्य निर्वाचन आयोग ने महिलाओं के पंजीकरण कराने पर खास ध्यान दिया है और हर ब्लॉक व नगर स्तर पर महिला मतदाता पंजीकरण मेलों का आयोजन करने के कड़े निर्देश दिये हैं। इन्हीं निर्देशों की रोशनी में शुक्रवार को मथुरा प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कोंच ब्लॉक व कोंच नगर के आयोजित मेले में एसडीएम मुईनुल इस्लाम ने बीएलओज को हिदायत दी कि ईपी और जेंडर रेशियो की स्थिति ठीक नहीं है और निर्धारित मानक से काफी कम है, इस दिशा में और काम करने की जरूरत है। बीएलओ घर घर जायें और वोटर बनने से छूट रहीं महिलाओं और नव वयस्कों को मतदाता बनायें। इस दौरान 170 महिलाओं के पंजीकरण मतदाता बनने के लिये किये गये।

एसडीएम मुईनुल इस्लाम ने कहा कि लिंगानुपात प्रति 1 हजार पुरुषों के सापेक्ष 865 महिलाओं का अनुपात होना चाहिये लेकिन कोंच तहसील क्षेत्र में निकल कर आया लिंगानुपात काफी असंतोषजनक है। इस पर फिर से कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है। कोंच तहसील क्षेत्र में लगने बाली माधौगढ विधान सभा आंशिक में 47 बूथ ऐसे हैं जिनमें लिंगानुपात 800 से कम है, जबकि उरई विधान सभा आंशिक में 4 बूथों पर यही स्थिति है। कमोवेश यही स्थिति ईपी रेशियो की है, सामान्य स्थिति में ईपी रेशियो 62 से 65 फीसदी के बीच होना चाहिये लेकिन यहां इसमें भी थोड़ी बहुत गड़बड़ी है, 71 बूथ ऐसे हैं जहां ईपी रेशियो 60 फीसदी से कम है लेकिन बीएलओ थोड़ा परिश्रम करें तो इस गड़बड़ी को दूर किया जा सकता है। तहसीलदार भूपाल सिंह ने कहा कि मतदान व्यक्ति का संबैधानिक अधिकार है इसलिये हर मतदाता का दायित्व है कि वह वोटर लिस्टों का अवलोकन जरूर करें और वह अगर वोट बनने से छूट रहे हों तो तत्काल पंजीकरण करायें। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिये अभियान 23 अक्टूवर को खत्म हो रहा था लेकिन दीपावली त्योहार के मद्देनजर इसे 2 नवंबर तक बढाया गया है। बीएलओ इस कोड की गई तिथि तक सारे आंकड़े फीड करा दें। मेले का मूल उद्देश्य छूटी महिलाओं को मतदाता बनाना ही है। पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टीआर निरंजन ने भी आम लोगों का आह्वïान किया कि इस राष्टï्रीय कार्यक्रम में अपना सहयोग करते हुये मतदाता बनवायें। इस दौरान रजिस्ट्रार कानूनगो राजेन्द्रप्रसाद दूरवार, जेई नपा सतीश कमल, निर्वाचन पटल के प्रशांत विश्वकर्मा आदि के अलावा बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी, सुपरवाइजर्स मौजूद रहे।







Leave a comment