उरई। कालपी के पुराने यमुना पुल की मरम्मत अभी तक हो रही थी जिसकी वजह से इस पर से यातायात ठप्प था। बुधवार को मरम्मत पूरी हो जाने के बाद प्रशासन ने हिंदू कर्मकांडों के बीच पुल पर से आवागमन का फिर से श्रीगणेश कराया। कालपी में यमुना पुल के दोनों सेतुओं से आवाजाही शुरू होने से यहां हर समय फोरलेन के अस्त-व्यस्त रहने वाले यातायात के सुचारू होने की उम्मीद की जा रही है।
कालपी में यमुना पर नये और पुराने पुल बना दिये गये थे तांकि फोरलेन यातायात को एक पुल से आने और दूसरे पुल से जाने की व्यवस्था यातायात प्रबंधन को दुरस्त रखने के लिए हो सके लेकिन गत् वर्ष 17 जून को पुराने पुल की आठ नंबर कोठी के पास तकनीकी खामी की बात उजागर होने पर हादसे की आशंका को रोकने के लिए फोरलेन प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस पर से यातायात बंद करा दिया था।
तकनीकी खराबी दूर करने के लिए तब से मरम्मत चल रही थी। जिसमें कई पुर्जे आयात किये जाने की जरूरत थी। इस वजह से मरम्मत पूरी होने में छह महीने का समय लग गया। बुधवार को फोरलेन प्राधिकरण के अधिकारियों की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी संजय सिंह ने पुल का वैदिक रीति रिवाज से पूजन किया और इसके बाद हरी झंडी दिखाकर इस पर से यातायात पुनः शुरू करने की रस्म अदायगी की। इस अवसर पर फोरलेन प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर इं. महेश शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी इं. डीएन त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ईश्वर सिंह व अन्य लोग भी उपस्थित थे।






Leave a comment