0 कालपी से सपा के बागी राकेश पाल, उरई से जालौन चेयरमैन गुलाब जाटव मैदान में कूदे
0 मुलायम के बयान का सपा के असंतुष्टों पर दिखने लगा असर
उरई। विधानसभा चुनाव के लिए हुए सपा और कांग्रेस के गठबंधन को दरकिनार करते हुए उरई व कालपी सीट पर सपा के बागियों ने ताल ठोंक दी हैै। कालपी से सपा नेता राकेश पाल मैदान में कूद गए हैं तो वहीं उरई विधानसभा सीट के लिए सपा के जालौन नगर पालिका चेयरमेन गुलाब जाटव ने भी पर्चा खरीद लिया है। वह महान दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को जिले की तीनों विधानसभाओं के लिए कुल आठ लोगों ने नामांकन किया। इसमें कालपी से बसपा, कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन किए। सपा के बागियों के मैदान में आ जाने से अब मुकाबला रोचक होने लगा है। सपा और कांग्रेस के गठबंधन को दरकिनार करते हुए आखिरकार बुधवार को सपा के बागी राकेश पाल ने कालपी सीट से नामांकन कर ही दिया। इसके साथ ही कालपी से बसपा प्रत्याशी छोटे सिंह चौहान, कांग्रेस-सपा की संयुक्त प्रत्याशी उमाकांती, सीपीआई के शिववीर सिंह ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं उरई से निर्दलीय उम्मीदवार रामेंद्र प्रताप सिंह निवासी बघौरा उरई व राजेश सिंह निवासी ऐंकों कुठौंद ने नामांकन किए जबकि माधौगढ़ सीट के लिए निर्दलीय उम्मीदवार कृपाशंकर द्धिवेदी बच्चू महाराज व परशुराम अहिरवार ने नामांकन किया। वहीं टिकट न मिलने से नाराज सपा नेता व जालौन के नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब जाटव भी बागी होकर मैदान में आ गए हैं। उन्होंने भी बुधवार को उरई विधानसभा के लिए नामांकन पत्र खरीदा। वह महान दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को कुल नौ लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इनमें माधौगढ़ सीट के लिए राष्टीय जनशक्ति पार्टी से विष्णु चतुर्वेदी, जनअधिकार मंच से रामजी कुशवाहा, महान दल शिवेंद्र तोमर, केडी चितौरा, राष्ट्रीय विकलांग पार्टी से नैना बाई किन्नर, निर्दलीय संजीव कुमार, सुखराम नगरा ने पर्चे खरीदे। कालपी व उरई सीट पर सपा के बागियों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन बागियों पर मुलायम सिंह यादव द्वारा हाल ही में दिए गए बयान का असर देखने को मिल रहा है जिसका सहारा लेकर इन नेताओं ने बगावत का झंडा उठा लिया है। अब देखना यह है कि सपा के यह बागी आखिरी समय तक मैदान में टिके रहते हैं या फिर पार्टी नेतृत्व के दबाव के आगे झुक जाते हैं?
Leave a comment