उरई। कालपी में फ्री समझे जा रहे पाल समाज को रिझाने के लिए प्रत्याशियों में होड़ चल रही है। इस क्रम में भाजपा ने पाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मुख्यातिथ्य में एक सम्मेलन बुधवार को आयोजित कराया जिसके जरिये पालों में सेंधमारी की जोरदार कोशिश की गई।
कालपी के एमएसबी इंटर काॅलेज में हुए भाजपा के इस बूथ स्तरीय विधानसभा क्षेत्र कार्यकर्ता सम्मेलन में मध्य प्रदेश से आये पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह पाल ने कहा कि विपक्षियों की गलत नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में बुरी तरह पिछड़ गया है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को लेकर चुनाव मैदान में उतरी है और अवसर मिलने पर इसी नीति पर अमल भी करेगी। उन्होंने केंद्र की सरकार को भाजपा की कथनी और करनी में एकरूपता की ज्वलंत मिसाल बताया।
इस मौके पर बिहार प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष गोपाल सिंह ने भी कार्यकर्ताओं में यह कहते हुए जोश भरा कि उत्तर प्रदेश में इस बार भारतीय जनता पार्टी का ही परचम लहरायेगा। उन्होंने पीएम मोदी के नोटबंदी के कदम को भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ी क्रांति करार दिया।
सम्मेलन का संयोजन इस तरह किया गया था जिससे भाजपा की एकजुटता का संदेश क्षेत्र के लोगों को दिया जा सके। इसलिए टिकट के दावेदार रहे सारे नेता इस सम्मेलन में प्रत्याशी बनाये गये पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह जादौन के पक्ष में अपील के लिए जुटे। इनमें रविकांत द्विवेदी, उर्विजा दीक्षित, कैलाश स्वरूप बाजपेयी, संजय भदौरिया, बाबा बालक दास, लाल सिंह चैहान के साथ-साथ मोदी विचार मंच के राष्ट्रीय सचिव भास्कर अवस्थी, जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, अशोक बाजपेयी, सुनीता शर्मा, सहपाल सिंह, अनिल बहुगुणा, सुभाष परमार, भगवान दास त्रिपाठी, जगदीश पाल, विजय गांधी आदि मौजूद रहे।







Leave a comment