0 अब पीड़िता ने न्यायालय की ली शरण, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

उरई। दहेज उत्पीड़न की शिकार एक नवविवाहिता चार दिन से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रही है। इसके बावजूद भी अभी तक आरोपियों के खिलाफ  कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अब पीड़िता ने प्राइवेट चिकित्सालय में अपना उपचार कराकर न्यायालय की शरण ली है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरौंधा निवासी अंगद सिंह ने अपनी बेटी की शादी पांच वर्ष पूर्व अवधेश सिंह निवासी ग्राम बहराई थाना रामपुरा के साथ की थी। इसमें उसने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन उसकी बेटी को अतिरिक्त दहेज में चारपहिया गाड़ी के लिए प्रताड़ित करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति अवधेश सिंह, सास माया देवी, भांजा भूरे सिंह, गुड्डी देवी, शकुंतला देवी आदि ने मारपीट कर बीती 8 फरवरी की रात नवविवाहिता को घर से निकाल दिया। इसके बाद से ही पीड़िता लगातार न्याय की आस में रामपुरा थाने के चक्कर काट रही है पर खाऊ-कमाऊ नीति पर चल रही रामपुरा थाना पुलिस ने न ही आरोपियों के खिलाफ  रिपोर्ट दर्ज की और न ही पीड़िता को उपचार के लिए भेजा। अब पीडिता ने एक प्राइवेट चिकित्सालय में उपचार कराकर न्यायालय की शरण ली है और आरोपियों के खिलाफ  दहेज उत्पीड़न के तहत रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।

Leave a comment