उरई। सपा-कांग्रेस गठबंधन को जदयू द्वारा बिना शर्त समर्थन की घोषणा से गठबंधन के जिले के तीनों प्रत्याशी उत्साहित हैं। उम्मीद है कि जद यू प्रदेश अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैया जी का गृह जनपद होने के नाते जालौन जिले में इस समुदाय के वोट अच्छी-खासी संख्या में गठबंधन प्रत्याशियों की झोली में आ सकते हैं। जिले में तीन में से दो विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां कुर्मी समाज का रुख चुनाव नतीजों को बदल सकता है।
रविवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैया जी ने लखनऊ में अपनी पार्टी का समर्थन गठबंधन प्रत्याशी को देने की घोषणा कर दी थी। हालांकि महागठबंधन में जदयू ने भी शामिल होने की कोशिश की थी लेकिन उसे भाव नही दिया गया। जिससे जदयू अभी तक सपा-कांग्रेस गठबंधन से नाराज था। लेकिन इसके कारण अपना समर्थन करने वाले जनाधार को कोई गलत मैसेज न चला जाये इस एतिहात के तहत आखिर भैया जी ने धर्म निरपेक्ष गोलबंदी को मजबूती देने के नाम पर गठबंधन का बिना शर्त समर्थन करने का ऐलान कर दिया।
जिले में कुर्मी समाज को जोड़ने का एक्शन प्लान समाजवादी पार्टी पहले से ही कार्यान्वित कर रही थी। जिसके तहत पार्टी ने रमा निरंजन को एमएलसी चुनवा दिया था। इसी बीच फतेहपुर निवासी नरेश उत्तम को सपा की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाकर अखिलेश ने इस सिलसिले को और आगे बढ़ाया। लेकिन भाजपा ने उसकी व्यूह रचना तब विफल कर दी जब माधौगढ़ की सीट ठाकुर, ब्राहमणों की नाराजगी की परवाह किये बिना कुर्मी नेता मूलचंद्र निरंजन की हवाले कर दी गई। इससे हवा एकदम पलट गई थी। लेकिन अब भैया जी के जुट जाने से उरई और माधौगढ़ सीट पर गठबंधन प्रत्याशियों के समीकरण बेहतर होने के सपने देखे जाने लगे हैं। पूर्व विधायक और माधौगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी ने भैया जी के कदम की जानकारी होते ही उनसे फोन पर बात की और माधौगढ़ में दौरा करके सहयोग देने का अनुरोध किया। भैया जी ने भी उनकी पेशकश का सकारात्मक उत्तर देने में देर नही की।







Leave a comment