13orai02 13orai01उरई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुजदिल हैं। भाजपा सांसद योगी आदित्य नाथ का मानसिक संतुलन गड़बड़ा चुका है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक और राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने यह बोल सोमवार को कुठौंद कस्बे के सनातन धर्म इंटर काॅलेज मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी उमाकांति सिंह के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बोले।
प्रमोद तिवारी ने इस सभा में बिना किसी लिहाज के फ्री स्टायल भाषण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को दुनियां का नंबर एक का झूठा कहा। प्रमोद तिवारी ने कहा कि अगर इन दोनों को झूठ बोलने के ओलंपिक में भेज दिया जाये तो गोल्ड मेडल लेकर ही लौटेंगे।
केंद्र सरकार के नोट बंदी के फैसले की उन्होनें पूरी निर्ममता से बखिया उधेड़ी उन्होंने कहा कि इस फैसले ने किसानों को तबाह करके रख दिया है। डेढ़ सौ किसान नोट बंदी की वजह से आत्महत्या करके जान गवां चुके हैं। न जाने कितनी बेटियों के हाथ पीले करने में यह फैसला अड़ंगा बना। इस फैसले ने महिलाओं के मान-सम्मान पर कुठाराघात किया है।
प्रमोद तिवारी ने बसपा की भी चुटकी ली। कहा कि इस पार्टी का भाजपा से बहन-भाई का रिश्ता है जो आगे भी निभता रहेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस के गठबंधन को राष्ट्र हित में बताते हुए कहा कि यह कदम देश को बर्बाद होने से बचाने के लिए उठाया गया है। लोक सभा चुनाव में भी इसके जारी रहने का संकेत देते हुए उन्होनें कहा कि यह गठबंधन दो साल बाद केंद्र से भाजपा को चलता करने में भी सफल रहेगा।
उन्होंने प्रदेश में गठबंधन के कामयाब होने का दावा करते हुए कहा कि नई सरकार में जिले के एक विधायक को मंत्री बनने का अवसर दिया जायेगा। प्रमोद तिवारी ने कहा कि धर्म निरपेक्ष दलों के महा गठबंधन के भारी पड़ने का सबूत बिहार में पहले ही देखा जा चुका है। उत्तर प्रदेश में यह इतिहास फिर दोहराया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब तो जनता दल यू ने भी कांगे्रस-सपा गठबंधन को बिना शर्त समर्थन का एलान कर दिया है।
सभा की अध्यक्षता सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीराम पाल ने की। जबकि संचालन पूर्व ब्लाॅक प्रमुख अशोक द्विवेदी ने किया। सभा की पूरी आयोजना जातिगत गुणा भाग के लिहाज से बनाये गये कारगर फार्मूले के तहत की गई थी। सभा को कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव विजय लक्ष्मी साधव, पूर्व विधायक और सपा नेता शिवराम कुशवाहा, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख समर सिंह गुडडू, सपा के प्रांतीय सचिव प्रदीप दीक्षित, पूर्व विधायक अरुण मेहरोत्रा, उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री सत्यपाल शर्मा, उरई शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रेहान सिददीकी ने भी संबोधित किया।

Leave a comment