जालौन-उरई। मंगलवार की सुबह भांग के ठेके पर बिक रहे गांजे के सहित एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके चंद घंटे के बाद ही मामला निपटने पर पुलिस ने पकड़े गए युवक को गांजा सहित छोड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से कर दी है।
पुलिस चैकी के पास स्थित भांग के ठेके पर खुलेआम गांजा बिक रहा है। उक्त भंाग के ठेके पर काफी समय से अवैध रूप से गांजा की बिक्री हो रही है। इसको लेकर कई बार इसकी शिकायत आबकारी तथा पुलिस विभाग से भी की गई। परंतु कोई कार्यवाही न होने से गांजे का काम करने वालों के हौसले बुलंद हो गए और वह खुलेआम गांजा की बिक्री कर रहे हैं। मंगलवार की सुबह यूपी 100 गाड़ी ने भांग के ठेके पर गांजा बेचते हुए सेल्समैन को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उक्त ठेके से तकरीबन तीन किलो गांजा भी बरामद किया। इसके बाद पुलिस पकड़े गए गांजा और सेल्समैन को कोतवाली ले गई। तो वहीं, ठेकेदार ने बाद में पुलिस को फीलगुड कराकर लगभग चार घंटे के बाद ही पकड़े गए सेल्समैन और गांजे को छुड़वा लिया। तो वहीं, इस संबंध में जब कोतवाली प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने इस तरह कोई मामला उनके संज्ञान में न होने की बात कहते हुए सारा ठीकरा यूपी 100 पुलिस पर फोड़ते हुए अपना पल्ला साफ कर लिया। उधर, सेल्समैन व गांजा के छूटने खबर जैसे ही प्रत्यक्षदर्शियों को लगी तो उन्होंने पूरे मामले से पुलिस अधीक्षक को दूरभाष पर अवगत करा दिया।

Leave a comment