उरई। जालौन जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। जबकि गत् चुनाव में जिले में भाजपा को एक भी सीट नही मिली थी।
उरई सदर सीट भाजपा ने समाजवादी पार्टी से छीनी है। इस सीट पर भाजपा के प्रत्याशी गौरीशंकर वर्मा को 140485 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी प्रत्याशी महेंद्र सिंह कठेरिया को केवल 61606 मतों पर संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर रहे बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी विजय चैधरी को 57541 मत ही मिल सके। गौरीशंकर ने लगभग 80000 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर जिले में चुनावी कीर्तिमान स्थापित किया है।
कालपी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र पाल सिंह जादौन 105980 मत लेकर निर्वाचित हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा उम्मीदवार छोटे सिंह चैहान रहे जिनको 54504 मत मिले। छोटे सिंह चैहान 2007 में बसपा से ही इस क्षेत्र के विधायक रह चुके हैं। वर्तमान विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी उमाकांति सिंह 53160 मत मिलने से तीसरे स्थान पर पहुंच गईं।
माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मूलचंद्र निरंजन को शुरूआती दो चक्रों में पिछड़ने के बाद लगातार बढ़त मिली और वे अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के गिरीश अवस्थी से 45985 मतों के अंतर से विजयी रहे। मूलचंद्र निरंजन को 108737, गिरीश अवस्थी को 62752 और कांग्रेस के विनोद चतुर्वेदी 46915 मत हासिल हुए। इस क्षेत्र में मुकाबले को चतुष्कोणीय बनाने की कोशिश कर रहे महानदल के प्रत्याशी रविंद्र सिंह मुन्ना को 22022 मत ही मिल सके। माधौगढ़ सीट भाजपा ने बसपा से छीनी है।






Leave a comment