उरई। कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा से छेड़खानी कर रहे युवक को भीड़ ने दबोच लिया। लोग जब उसे पुलिस को सौंपने के लिए कोतवाली जा रहे थे तभी रास्ते में युवक के आधादर्जन साथियों ने उन पर हमला बोल दिया जिससे बबाल मच गया। इसी बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक और उसके पिता व भाई को गिरफ्तार कर लिया।
जालौन कस्बे में सोमवार को सुबह नझाई निवासी कक्षा 11 की छात्रा कोचिंग पढ़ने जा रही थी। रास्ते में चिमनदुबे का बड़े राजा उसके साथ छेड़खानी करने लगा। छात्रा के चिल्लाने पर आसपास के लोग आ गये और उन्होंने युवक को दबोच लिया। वे पहले युवक को चैकी ले गये लेकिन वहां कोई मौजूद नही था। इसलिए लोग उसे कोतवाली ले जाने लगे। इसी बीच युवक के परिजनों और साथियों ने रास्ते में लोगों को रोक लिया और लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया जिससे अफरा-तफरी मच गई।
.इसी बीच किसी ने कोतवाली में फोन कर दिया जिससे आनन-फानन में पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख युवक के साथी भागने लगे। तब तक पुलिस ने खदेड़कर युवक, उसके पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया। सीओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर छेड़खानी और दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a comment