उरई। सांसद द्वारा गोद लिए जाने से हरदोई गूजर में कितना विकास हो पाया है, यह तो पड़ताल का विषय है लेकिन गाँव के सबसे पुराने तालाब के अतिक्रमण के कारण मिटते अस्तित्व पर रोक लग पाने की ग्रामीणों की मंशा धूल धूसरित होने की कगार पर पहुँच गई हैं ।
गाँव में सरकार और सांसद के खिलाफ हो रहे माहौल को भाँप हिंदु वाहिनी के नेताओं ने उनको पत्र भेजा है जिससे शायद सांसद एक्शन में आ जायें। हिंदु युवा वाहिनी के जिला महामंत्री सौरभ श्रीकांत तिवारी, सत्येंद्र दूरबार, देवेंद्र कौशिक और मोहित तिवारी ने सांसद भानु वर्मा को लैटर भेजकर विनम्रता पूर्वक अवगत कराया है कि हरदोई गूजर में बस स्टैण्ट के पास स्थित पुराने तालाब का वजूद भीषण अतिक्रमण के चलते खात्मे की कगार पर है। दस हजार की आबादी वाले हरदोई गूजर में बड़ी तादाद में मवेशी भी हैं जिनकी प्यास गर्मियों में बुझाना चुनौती से कम नही होता। बस स्टैण्ड का पुराना तालाब इसीलिए लोगों का बड़ा सहारा था लेकिन इस तालाब का वजूद मिट जाने से मवेशियों की शामत नजर आ रही है। कहीं पानी की कमी के चलते हरदोई गूजर गांव गर्मियों में मवेशियों का श्मशान न बन जाये इसलिए उन्होंने सांसद से इस तालाब के उद्धार में महती भूमिका निभाने की अपील अपने पत्र में की है।

Leave a comment