उरई । हाल के विधान सभा चुनाव के नतीजों और प्रदेश में नई सरकार के गठन का असर  बुधवार को निकाले गए राम नवमी के जुलूस में उभरा । माहौल पूरी तरह बदला हुआ था । गत वर्ष किसी नई परंपरा को शुरू न होने देने के नाम पर प्रशासन ने जुलूस को आगे न बढ़ाने देने के लिए कमर कस रखी थी । लेकिन इस वर्ष प्रशासन टकराव की बजाय जुलूस की सहूलियत के लिए हर कदम पर मुस्तैद था । जुलूस में शामिल होने के लिए अपार जन सैलाब उमड़ पड़ा । मुसलमानों ने भी सौहाद्र की मिसाल पेश करने  के लिए कई जगह स्टाल लगा कर राम भक्तों की पानी, शर्बत , केले ,  संतरों से ख़िदमत की ।

 

राम नवमी पर भक्तों का जलवा दिखाने के लिए बजरंग दल के जिला संयोजक अखिलेश डीहा ,शैलेश मिश्रा , शक्ति गहोई ,क्रमांक शुक्ला , नित्यानंद चतुर्वेदी , नवेन्द्र उपाध्याय , अजय तिवारी , अरविंद चौहान ने कई दिन से जुलूस को विराट बनाने की तैयारियाँ शुरू कर दी थीं । मंगलवार की रात को ही  शहर के मुख्य मार्गों को भगवा झंडों से पाट दिया था । आज पूर्वान्ह जब ठड़ेश्वरी मंदिर से जुलूस  शुरू हुआ तो भीड़  इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस के हांथ पैर व्यवस्था सम्हालने की चुनौती के मद्देनजर  फूल गए । लगभग डेढ़ किलोमीटर तक भगवा साफ़ी बाँधे 15 हजार से अधिक युवा पूरे  जोश से जय श्री राम के नारे लगा रहे थे जिससे समूचा  पूरा आसमान नारों की गूँज के कारण थर्राया स लग रहा था । जुलूस के आगे – आगे लगभग 500 बाइक सवार युवाओं की टोली जोश बढ़ाने में लगी थी । कई भक्त बंदर,  हाथी आदि का बहरूप बनाये थे ।

 

जुलूस ठड़ेश्वरी मंदिर से कोंच बस स्टैंड , इलाहाबाद बैंक तिराहा , माहिल तालाब, घंटाघर , आंबेडकर चौराहा , जिला परिषद , जेल रोड पर से गुजरा और वापस ठड़ेश्वरी मंदिर पहुँच कर विसर्जित हो गया । ठड़ेश्वरी मंदिर के महंत सिद्धन महाराज की शोभा यात्रा जुलूस में अलग आकर्षण का केंद्र थी । जूलस में महिलाएँ भी सैकड़ों की तादाद में थीं ।

मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस के स्वागत  के लिए जगह – जगह स्टाल लगाये । घंटाघर पर लल्ला पापुलर ने भक्तों को शर्बत पिलाया । स्टेट बैंक के पास युसुफ अंसारी और उनकी टीम पूरी गर्मजोशी से भक्तों के इस्तकवाल में जुटी रही । इसमें हलीम अंसारी ,पप्पू मुर्गा वाले , लालू शेख , शमशेर सिंह ,नासिर अंसारी , हबीब अंसारी मुमताज अंसारी ,लल्ला एडवोकेट , तौसीब अंसारी खास तौर पर जुटे रहे । पदम शाह बाबा की दरगाह के सामने दरगाह कमेटी के लोगों ने राम भक्तों का स्वागत किया ।

 

Leave a comment