कोंच-उरई । कल बुधवार को राम जवारों की शोभायात्रा के पूर्व समूचे नगर को भगवा ध्वजों से पाट दिया गया है। हालांकि गत बर्ष भी तमाम घरों पर भगवा चढाये गये थे लेकिन अबकी दफा शासन सत्ता भगवा के हाथों में होने का असर बिल्कुल साफ दिखाई दे रहा है। न केवल शोभायात्रा मार्ग बल्कि इससे अलहदा भी नगर की गलियां और सड़कें बड़े पैमाने पर भगवामय दिख रहीं हैं। आयोजन समिति की अगर मानें तो कई अल्पसंख्यक घरों और दुकानों के ऊपर भी भगवा फहराते दिख रहे हैं। अनुमान के मुताबिक लगभग दस हजार घरों और प्रतिष्ठानों पर भगवा ध्वज चढे हैं जो इस बात की तस्दीक है कि हिंदुओं में अपने आराध्य भगवान राम का जन्मोत्सव मनाने के प्रति कितना उत्साह है। अब इसे सत्ता का असर भी कहा जा सकता है कि बाजारों में भी भगवा कपड़ों और गमछों की मांग में जबर्दस्त इजाफा हुआ है, आलम यह है कि दुकानों में इस रंग की भारी शॉर्टेज हो गई है।
जगह जगह बनने बाले तोरण द्वार भी होंगे आकर्षण
कल की शोभायात्रा को लेकर हिंदूवादियों का उत्साह इसी से परिलक्षित होता है कि कई संस्थायें और व्यक्तिगत रूप से जगह जगह तोरण द्वार बनाये जा रहे हैं। पूरे शोभायात्रा मार्ग में दर्जनों जगह उत्साही लोगों ने स्वल्पाहार और अन्य तरह से स्वागत की भी तैयारियां की जा रही हैं। नईबस्ती में मां गायत्री जागरण समिति द्वारा तोरण द्वार बना कर जलपान की भी व्यवस्था की गई है। चंदकुआ, स्टेट बैंक, लवली चौराहा, रामगंज बाजार, सागर चौकी, पुराना स्टेट बैंक, सेंवढा कुआ जगहों पर स्वागत की तैयारियां की जा रहीं हैं।

राम नवमी पर कल 5 अप्रैल को भगवान रामलला का प्राकट्योत्सव रामलला मंदिर में मनाया जायेगा। सनातन धर्मावलंबियों के महान धार्मिक पर्व रामनवमी के अवसर पर बैसे तो सभी मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान किये जाते हैं लेकिन मुख्य आयोजन यहां महारानी लक्ष्मीबाई के गुरुद्वारे रामलला मंदिर में होगा। श्रीराम प्राकट्योत्सव के लिये मंदिर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मंदिर के एकादश गद्दीधर महंत रघुनाथ दास के निर्देशन में मंदिर के सेवायत परिसर को सजाने संवारने में लगे हैं। पुजारी गोविंददास ने बताया है कि भगवान रामलला सरकार का प्राकट्य मध्यान्ह ठीक 12 बजे होगा।
जवारा शोभायात्रा के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन
कल रामनवमी के मौके पर निकाली जा रही राम जवारा शोभायात्रा का विरोध कतिपय अल्पसंख्यकों द्वारा किया गया है। एसडीएम को दिये ज्ञापन में शकील अंसारी, फरमान अंसारी, सलमान, फिरोज, शाहरुख, इस्माइल, नबी अहमद, तैयब अंसारी आदि दर्जन भर लोगों ने एसडीएम मोईन उल इस्लाम को ज्ञापन देकर कहा है कि उक्त जुलूस से सांम्प्रदायिक सद्भाव बिगडऩे का अंदेशा है लिहाजा इस पर रोक लगाई जाये।

Leave a comment